हापुड़ में बैग काटकर चोरी करने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे
30,000 रुपये और अवैध तमंचा बरामद, आरोपी जेल भेजा गया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ । थाना हापुड़ नगर पुलिस ने बैग में कट लगाकर चोरी की सनसनीखेज घटना का सफल अनावरण करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेरठ के लिसाड़ी गेट, श्याम नगर निवासी अर्श उर्फ गंजा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी के 30,000 रुपये नगद, एक अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। यह कार्रवाई हापुड़ पुलिस की सतर्कता और त्वरित जांच का परिणाम है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अर्श उर्फ गंजा लंबे समय से इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था। बैग काटकर चोरी की घटनाएं क्षेत्र में लोगों के बीच दहशत का कारण बन रही थीं। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपराध कबूल लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।


