मेरठ
एमआईईटी स्कूल में बच्चों ने “हील द अर्थ हारमनी” पर नाटक मंचन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
मेरठ। एमआईईटी पब्लिक स्कूल, जागृति विहार के प्रांगण में कक्षा पांच के छात्रों द्वारा एक भव्य कक्षा प्रस्तुति “हील द अर्थ हारमनी” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पृथ्वी संरक्षण के प्रति बच्चों और अभिभावकों में जागरूकता फैलाना था। कार्यक्रम में बच्चों ने अपने नृत्य, गीत और नाट्य रूपांतरण के माध्यम से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
प्रधानाचार्या डॉ. सिल्की वर्मा ने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है जब वह बच्चों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करे। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए पृथ्वी को स्वच्छ व हरा-भरा बनाए रखने का संदेश दिया। चेयरमैन विष्णु शरण ने प्रत्येक छात्र को अपने जन्मदिन पर एक पेड़ लगाने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में “हमारी प्यारी धरती” गीत, वृक्षों की सुरक्षा पर नाट्य रूपांतरण तथा जंगली जीवों पर आधारित नृत्य ने सभी को भावविभोर कर दिया। बच्चों की रचनात्मकता और अभिनय ने पूरे वातावरण को जीवंत बना दिया।
अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन का सफल संचालन कोऑर्डिनेटर शिखा सचदेवा के निर्देशन में शैली शर्मा, साक्षी कंसल, मानसी, रेनू गोयल और अमित चौटाला आदि शिक्षकों के सहयोग से हुआ।


