गोहरा आलमगीरपुर में कपड़े की दुकान से लाखों के अवैध पटाखे जब्त, एक गिरफ्तार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़। थाना बाबूगढ़ पुलिस ने मंगलवार की रात गाँव गोहरा आलमगीरपुर में एक कपड़े की दुकान पर छापा मारकर लाखों रुपये के अवैध पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया है। विस्फोटक पदार्थ बेचने, भण्डारण करने वालों के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान के अन्तर्गत बाबूगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष प्रताप सिंह ने पुलिस बल के साथ मुखबिर की सूचना पर गाँव गोहरा आलमगीरपुर में एक कपड़े की दुकान पर छापा मारा। जहाँ दुकान मे छुपा कर रखे गए करीब पाँच लाख रुपये मूल्य के 10 कार्टून अवैध पटाखे बरामद हुए। इस दौरान अवैध पटाखों का भंडारण करने वाले दीपक पुत्र रामनिवास निवासी गोहरा आलमगीरपुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी की अपील
बाबूगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने क्षेत्र वासियों से अपील की है कि यदि कोई भी व्यक्ति अवैध पटाखों की बिक्री या भंडारण करता हुआ दिखाई देता है, तो एक जिम्मेदार नागरिक के तौर पर तुरंत उसकी सूचना स्थानीय पुलिस या यूपी-112 पर दें। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि सूचना देने वाले का नाम व पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।


