सिंगरौली

 चौपाटी में फैली गंदगी पानी इक्कठा होने से फ़ैल रही बीमारी, 

स्वच्छता अभियान’ की खुली पोल 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
 सिंगरौली। नगर पालिका निगम सिंगरौली एक ओर तो स्वच्छता को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, शहर को “स्वच्छ सिंगरौली – स्वस्थ सिंगरौली” का नारा देकर अपनी पीठ थपथपाती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर पेश कर रही है। स्वच्छता अभियान की पोल उस वक्त खुल गई जब बस स्टैंड के पीछे स्थित चौपाटी क्षेत्र में गंदगी के अम्बार ने निगम के सभी दावों की सच्चाई उजागर कर दी।
चौपाटी क्षेत्र में इन दिनों नालियों का पानी इधर-उधर बहता नजर आ रहा है, चारों तरफ कचरे के ढेर लगे हुए हैं और दुर्गंध से स्थानीय लोग व राहगीर परेशान हैं। खाने-पीने की दुकानें खुले में लगी हुई हैं, जहां पर बिना किसी सुरक्षा के खाद्य सामग्री रखी जा रही है। इन पर मक्खियाँ और कीड़े मंडराते हुए आसानी से देखे जा सकते हैं। वहीं छात्र-छात्राएं एवं आमजन इन दूषित वस्तुओं को खाकर बीमारियों की चपेट में आने का खतरा मोल ले रहे हैं।
चौपाटी में रहती है लोगों की भीड़ 
गौरतलब है कि इसी चौपाटी में बिरसा मुंडा जी की प्रतिमा स्थापित है, जहाँ आए दिन जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन एवं आमजन श्रद्धा सुमन अर्पित करने के लिए पहुँचते हैं। प्रतिमा की सफाई और सजावट पर ध्यान तो दिया जाता है, पर प्रतिमा के चारों ओर फैली गंदगी पर नगर निगम की नजरें अब तक नहीं पड़ी हैं। यह स्थिति न केवल स्वच्छता विभाग की लापरवाही को दर्शाती है, बल्कि जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता पर भी सवाल उठाती है।
स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने बताया कि चौपाटी में कई दिनों से नियमित सफाई नहीं की जा रही है। कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो सफाई कर्मी नियमित आते हैं और न ही स्वच्छता विभाग की गाड़ियों की कोई सक्रियता दिखती है। इस लापरवाही के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ने लगा है, जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडराने लगा है।
नगर निगम के अधिकारी और कमिश्नर के पास स्वच्छता का पूरा विभाग होते हुए भी उनकी निगाहें इस क्षेत्र की बदहाल स्थिति पर नहीं जा रही हैं। इससे साफ जाहिर होता है कि निगम की स्वच्छता संबंधी मुहिम केवल कागजों और प्रचार सामग्री तक ही सीमित है।
अब देखना यह होगा कि क्या नगर पालिका निगम सिंगरौली के जिम्मेदार अधिकारी इस गंदगी पर संज्ञान लेकर वास्तविक सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करेंगे, या फिर यह मुद्दा भी अन्य कई मुद्दों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है ताकि चौपाटी क्षेत्र पुनः स्वच्छ और सुरक्षित बन सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button