‘मेरी बेटी मेरी कुलदीपक’ अभियान से सजी अभिभावक-शिक्षक बैठक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बागपत : सेंट आर.वी. कॉन्वेंट स्कूल, जिवाना में गुरुवार को आयोजित अभिभावक-शिक्षक बैठक के अवसर पर मिशन शक्ति के तहत ‘मेरी बेटी मेरी कुलदीपक’ अभियान को आगे बढ़ाने के लिए एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में बेटियों के महत्व को नए दृष्टिकोण से स्थापित करना और उन अभिभावकों को सम्मानित करना था जो गर्व से बेटियों का पालन-पोषण कर रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ समाजसेवी अनुराग जैन, विद्यालय निदेशिका चारू जैन, प्रधानाचार्य निर्दोष शर्मा एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद मेरठ के विभाग संयोजक प्रथम जैन द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं को ‘दीया’ (कुलदीपक का प्रतीक) और ‘पौधा’ (जीवन का प्रतीक) देकर सम्मानित किया गया। साथ ही अभिभावकों को बेटी की सुरक्षा व शिक्षा का संकल्प भी दिलाया गया।
विद्यालय निदेशिका चारू जैन ने कहा कि आज भी समाज में यह धारणा बनी हुई है कि यदि परिवार में केवल बेटियाँ हैं तो यह किसी कमी की तरह देखा जाता है। यह सोच गलत है और इसी को बदलने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। बेटियाँ हर क्षेत्र में ऊँचाइयाँ छू रही हैं और बेटों से किसी भी दृष्टि से कम नहीं हैं।
प्रधानाचार्य निर्दोष शर्मा ने इस अभियान को सामाजिक रूढ़ियों पर प्रहार और नई सोच के निर्माण का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि “मेरी बेटी मेरी कुलदीपक” अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक अनूठी पहल है। सरकार के प्रयास तभी सफल होंगे जब समाज इसका सहभागी बने।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विनीता जैन, आरती शर्मा, वैशाली राणा, आरती तोमर, बिजेंद्र जैन, सुमित बालियान, रोमी वालिया, नितिन, वसीम, विपिन कुमार, महताब अली, हिमांशु शर्मा, स्नेहा, श्वेता, प्रगति, रिचा, सोनिया, शिवानी, अंजलि, मोना, सौम्या, सारिका, रेनू, खुशबू, आँचल, फाजिल, सालिम, इशिका, नीरू, पूनम आदि का विशेष सहयोग रहा।



