
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
साइबर थाने में की गई शिकायत…
हापुड़ (यूपी) – हापुड़ में समाजवादी पार्टी के जिला स्तरीय व्हाट्सएप ग्रुप ” समाजवादी पार्टी परिवार” में बुधवार देर रात अश्लील वीडियो और आपत्तिजनक ऑडियो क्लिप वायरल हो गए। इस घटना से जिलास्तरीय पार्टी संगठन और कार्यकर्ताओं में हड़कंप मच गया। वॉट्सऐप ग्रुप के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल भी हो गए ।
जानकारी के अनुसार, हापुड में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष तेजपाल ने ” समाजवादी पार्टी परिवार ” नाम से एक वॉट्स ऐप ग्रुप बनाया हुआ है जिसमें जिला , नगर और ब्लॉक स्तर के कई सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुड़े हुए हैं। ग्रुप में सम्मिलित किसी सदस्य के नंबर से यह आपत्तिजनक अश्लील क्लिपिंग्स ग्रुप में साझा की गई । इसके बाद कई सदस्यों ने तुरंत एडमिन को टैग कर कड़ी कार्यवाही की मांग की । महिला सपा कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन की मर्यादा और सपा की छवि को धूमिल करने वाला कार्य बताया है ।
हापुड में समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष तेजपाल प्रमुख ने जानकारी देते हुए बताया कि , पूरे मामले की लिखित शिकायत साइबर थाने में दे दी गई है। उन्होंने आशंका व्यक्त करते हुए बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हैकिंग से जुड़ा लग रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला संगठन ने तत्काल ग्रुप एडमिन से रिपोर्ट तलब की।
जबकि वहीं समाजवादी पार्टी के वर्तमान जिला अध्यक्ष आनंद गुर्जर ने इस घटना को पार्टी अनुशासन के खिलाफ बताया। उन्होंने बताया कि इस ग्रुप से पार्टी का कोई संबंध नहीं है और सपा के नाम से बने ग्रुप में अश्लील क्लिपिंग्स को वायरल करके सपा की छवि को धूमिल करने वाले दोषी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है । वॉट्स ऐप ग्रुप एडमिन और सपा नेता तेजपाल प्रमुख से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। संदिग्ध नंबर की जांच साइबर सेल को सौंप दी गई है और संबंधित नंबर को ग्रुप से हटा दिया गया है।



