गाजियाबाद

नाली निर्माण में घोटाले की बू

सरकारी मानकों की उड़ाई जा रही है धज्जियां 

निर्माण में घटिया किस्म की सामग्री प्रयोग करने के आरोप 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

लोनी गाजियाबाद : खन्ना नगर कॉलोनी के 40 फुटा रोड के नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने एवन जूस कार्नर के पास नगरपालिका द्वारा कराए जा रहे नाली निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं और घटिया निर्माण सामग्री के प्रयोग का आरोप लगाते हुए सम्बंधित ठेकेदार के खिलाफ जांच कराने की मांग की है
नागरिकों का कहना है कि नाली निर्माण का कार्य कर रहे ठेकेदार द्वारा बेहद निम्न स्तर की ईंटें और खराब गुणवत्ता वाला सीमेंट इस्तेमाल किया जा रहा है। लोगों के अनुसार, सीमेंट में अत्यधिक मात्रा में रेत मिलाई जा रही है, जिससे नाली की मजबूती पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि निर्माण कार्य में मानकों की खुली अनदेखी की जा रही है, जिससे यह आशंका है कि नाली कुछ ही महीनों में टूट-फूट जाएगी।
कॉलोनी के निवासियों ने बताया कि जब उन्होंने ठेकेदार से इस बारे में शिकायत की तो उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया और काम को जल्दबाजी में निपटाने की कोशिश जारी रखी। नागरिकों का कहना है कि यह निर्माण जनता के पैसे से हो रहा है, इसलिए इसमें पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
निवासियों ने उपजिलाधिकारी से पुलिया व नाली निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की जांच कराने और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने ठेकेदार के खिलाफ जांच कराने की कार्यवाही नहीं की, तो वे सामूहिक रूप से नगर पालिका कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के समय इस तरह के घटिया निर्माण से जलभराव और गंदगी की समस्या और भी बढ़ सकती है। नागरिकों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि निर्माण कार्य की तत्काल तकनीकी अधिकारी से जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार और इसमें संलिप्त अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाए ।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button