
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के गजरौला में नेशनल हाईवे 9 की सर्विस लेन पर एक अज्ञात कार ने पैदल जा रहे युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शुक्रवार रात गांव शाहबाजपुर डोर के पास हुई।
पैदल घर लौटते वक्त हुआ हादसा
मृतक की पहचान 30 वर्षीय जयवीर पुत्र जगदीश सिंह के रूप में हुई है, जो गजरौला थाना क्षेत्र के मोहल्ला बुद्धनगर नाइपुरा का निवासी था। जयवीर शुक्रवार रात गांव शाहबाजपुर डोर से अपने घर लौट रहा था। मुस्लिम ढाबे के पास हाईवे पर पहुंचते ही पीछे से आई एक अज्ञात कार ने उसे रौंद दिया।
राहगीरों ने कार चालक को भागते देखा
हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। काफी प्रयासों के बाद शनिवार को मृतक की पहचान हो पाई, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। गजरौला इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि शव की शिनाख्त हो चुकी है और पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस दुर्घटना करने वाले वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है।



