तेतुलिया जंगल में सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, अवैध कोयला खनन पर की गई छापामारी
CISF conducts major raid in Tetulia forest, illegal coal mining

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
धनबाद। सोनारडीह थाना के अंतर्गत आने वाले तेतुलिया जंगल क्षेत्र में सी आई एस एफ (केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल) की टीम ने अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। शनिवार को कई स्थानों पर छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में कोयला जब्त किया। सूत्रों के अनुसार, सी आई एस एफ को गुप्त सूचना मिली थी कि तेतुलिया जंगल क्षेत्र में अवैध रूप से कोयला खनन और भंडारण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर सी आई एस एफ की टीम ने छापा मारा। छापेमारी के दौरान जंगल के अंदर कई स्थानों पर अवैध कोयले के डंप पाए गये। हालांकि छापेमारी के दौरान कोयला माफिया मौके से फरार हो गए। सी आई एस एफ ने जब्त किए गए कोयले को बीसीसीएल को सुपुर्द कर दिया है, जहाँ आगे की कार्रवाई जारी है। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि इस क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कोयला खनन का धंधा चल रहा था। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई से कोयला माफियाओं में हड़कंप मच गया है। सी आई एस एफ ने बताया कि ऐसी कार्रवाइयाँ आगे भी जारी रहेंगी ताकि अवैध खनन पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।



