ललितपुर
यातायात पुलिस ने चलाया सघन चैकिंग अभियान
काली फिल्म, हूटर-बत्ती, फाल्टी नम्बर प्लेट व स्टंटबाजों पर हुयी कार्यवाही

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 के तहत पुलिस अधीक्षक मो.मुश्ताक के निर्देश पर यातायात पुलिस ने शहर भर में सघन चैकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने काली फिल्म, हूटर-बत्ती, फाल्टी नम्बर प्लेट व स्टंटबाजों पर चालानी कार्यवाही करते हुये लोगों को जागरूक भी किया। यातायात प्रभारी आलोक कुमार तिवारी ने बताया कि एसपी मो.मुश्ताक के निर्देशन में महिलाओं की सुरक्षा, सड़क सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु यातायात पुलिस द्वारा विशेष चैकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों/ तिराहों पर यातायात पुलिस द्वारा नियम विरूद्ध वाहन जैसे काली फिल्म, हूटर, बत्ती लगाना, गलत नम्बर प्लेट, वाहन पर शासकीय तथा जाति सूचक शब्द व स्टंटबाजी करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की गई। चैकिंग के दौरान काली फिल्म लगाने वाले 17 वाहनों, हूटर लगाने वाले 2 वाहनों, बत्ती लगाने वाले 7 वाहनों, गलत नम्बर प्लेट वाले 31 वाहनों, वाहन पर शासकीय तथा जाति सूचक शब्द लिखने वाले 13 वाहनों और स्टंटबाजी करने वाले 5 वाहनों के विरूद्ध कार्यवाही की गयी। इसके अतिरिक्त कुल 03 वाहनों को सीज किया गया। इस दौरान यातायात प्रभारी आलोक कुमार तिवारी, टीएसआई अब्दुल नफीस के अलावा यातायात पुलिस कर्मी मौजूद रहे।



