गोड्डा
मालिगोड़ा गांव में सड़क और पानी की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण
15 दिन में समाधान नहीं तो घेराव की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बोआरीजोर/गोड्डा: झारखंड प्रदेश के गोड्डा जिले के बोआरीजोर प्रखंड अंतर्गत मेघी पंचायत के मालिगोड़ा गांव के ग्रामीण आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। गांव में सड़क और पानी की समस्या को लेकर लोग लंबे समय से परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पेयजल के लिए टांका तो बना दिया गया है, लेकिन उसमें अब तक पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई है। वहीं गांव तक जाने वाली सड़क की स्थिति बेहद जर्जर है, जिससे वाहन या एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाते। किसी भी बीमार मरीज को अस्पताल ले जाने के लिए ग्रामीणों को खाट पर लादकर लगभग 8 किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ता है। गांव के ग्रामीण- प्रधान कोरंगा मैसा पहाड़िया, देवा पहाड़िया, अजीत पहाड़िया, धर्मा पहाड़िया, भैरो मैसा पहाड़िया, बाली पहाड़िया सहित कई लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।इस संबंध में प्रदेश महासचिव दीनबंधु मंडल ने कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर सड़क और पानी की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो ग्रामीण प्रखंड कार्यालय का घेराव करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि “सरकार विकास की बात करती है, लेकिन मालिगोड़ा जैसे कई गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं।”
दीनबंधु मंडल ने उपायुक्त गोड्डा श्रीमती अंजली यादव से अनुरोध किया है कि वे स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें और शीघ्र समाधान की दिशा में कदम उठाएं।




