बेतुल
बैतूल देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखना हम सभी का नैतिक कर्तव्य: यादव
लौहपुरुष की जयंती पर पाढर मंडल में युवाओं ने दौड़कर दिया देशभक्ति का संदेश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। भारत के लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वी जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पाढर में शुक्रवार को रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। पाढर मंडल प्रभारी आनंद प्रजापति के निर्देशानुसार और मंडल अध्यक्ष नन्दन यादव के मार्गदर्शन में पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाढर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत नन्दन यादव ने सरदार पटेल के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्वलन से की। इसके बाद उन्होंने युवा रनर्स को हरी झंडी दिखाकर एकता दौड़ को रवाना किया। उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को बनाए रखना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र की मजबूती में योगदान दें।
कार्यक्रम के संयोजक प्रतीक रघुवंशी, आदर्श मालवीय, मंडल महामंत्री संतोष पंद्राम, सुनील राय, आशीष शुक्ला, प्रमोद दुफारे, प्राचार्य श्री भास्कर, गोपाल वट्टी, गोलू पाल, अतुल नामदेव, रिषभ मालवी, पुलिस चौकी प्रभारी बसंत आहके, स्कूल स्टाफ, छात्र-छात्राएं, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक और युवा साथी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस रन फॉर यूनिटी का उद्देश्य सरदार पटेल के अद्वितीय योगदान को याद करना और समाज में राष्ट्रीय एकता, संगठन तथा देशभक्ति की भावना को प्रबल बनाना रहा। पाढर की सड़कों पर युवाओं के कदमों ने एकता का संदेश देते हुए लौहपुरुष के सपनों के अखंड भारत की भावना को साकार किया।
कार्यक्रम के अंत में नन्दन यादव ने उपस्थित विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और भाईचारे की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के बताए मार्ग पर चलकर अखंड भारत के निर्माण में हर युवा को अपनी भूमिका निभानी चाहिए।




