गाजियाबाद
डीएलएफ अंकुर विहार में अतिक्रमण और अवैध कार वाशिंग सेंटरों का जाल
अधिकारियों की मिलीभगत से जनता परेशान
लोनी (गाजियाबाद) : डीएलएफ अंकुर विहार स्थित एस ब्लॉक श्रीकृष्ण धाम वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों ने क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण और अवैध रूप से चल रहे व्यवसायों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को सोसायटी के प्रतिनिधिमंडल ने उपजिलाधिकारी लोनी से मुलाकात कर एक शिकायती पत्र सौंपा और तत्काल कार्यवाही की मांग की।
सोसायटी के पदाधिकारियों ने शिकायत में बताया कि जिस इमारत में वे रहते हैं, उसके मुख्य गेट के पास लगातार तीन कार वाशिंग सेंटर संचालित हो रहे हैं, जो सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक खुलेआम काम करते हैं। इन सेंटरों से निकलने वाला गंदा पानी सड़कों और नालियों में ही जमा हो रहा है, जिसके कारण कॉलोनी में मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस गंदगी से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रमणजन्य बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है।
जल दोहन और प्रदूषण से बिगड़ रहा पर्यावरण
निवासियों ने बताया कि कार वाशिंग के कारण जल का अत्यधिक दोहन हो रहा है, जिससे इलाके का जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है। इतना ही नहीं, इलाके में सड़कों पर कार डेंटिंग और पेंटिंग का कार्य भी खुलेआम चल रहा है, जिससे पेंट और थिनर की दुर्गंध वातावरण को प्रदूषित कर रही है। इसका बुरा असर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।
“फ्लैट बेचने तक की नौबत”
निवासियों का कहना है कि इन अवैध गतिविधियों और गंदगी के चलते इलाके की छवि इतनी खराब हो चुकी है कि लोग अब अपने फ्लैट तक बेचने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कोई खरीददार तैयार नहीं है। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे इन अवैध कारोबारों का विरोध करते हैं या प्रशासन से शिकायत करते हैं, तो उन्हें धमकियां दी जाती हैं — “देख लेंगे” जैसी भाषा में।
अधिकारियों की चुप्पी पर उठे सवाल
सोसायटी ने उपजिलाधिकारी लोनी को सौंपी शिकायत में यह भी कहा है कि एक तरफ सरकार पानी के घटते स्तर पर चिंता जता रही है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से यह अवैध कारोबार धड़ल्ले से चल रहे हैं।
शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि संबंधित विभागों के अधिकारी और पुलिसकर्मी सब कुछ जानते हुए भी “मलाई खाने” की चाह में आंख मूंदे बैठे हैं। अगर यही रवैया जारी रहा तो अवैध वाशिंग सेंटरों, कार डेंटिंग और पेंटिंग जैसी गतिविधियों पर कभी रोक नहीं लग पाएगी।
जनता की मांग – निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई
वेलफेयर सोसायटी ने प्रशासन से मांग की है कि इलाके में चल रहे सभी अवैध कार वाशिंग, पेंटिंग और वर्कशॉप केंद्रों की जांच कराई जाए और जल दोहन, प्रदूषण नियंत्रण एवं नगर नियोजन अधिनियमों के तहत कार्यवाही की जाए।
निवासियों का कहना है कि जब तक अवैध कार्यों में संलिप्त अधिकारियों पर भी कार्रवाई नहीं होगी, तब तक इस तरह के कारोबार बंद नहीं होंगे और जनता यूं ही परेशान होती रहेगी।
शिकायत पत्र देने वालों में अध्यक्ष रवीश कुमार उपाध्यक्ष लोकेश भटनागर, महासचिव अभिषेक कुमार मिश्रा , कोषाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, सह कोषाध्यक्ष गौतम गैरोला मीडिया प्रभारी वीरेंद्र उनियाल शामिल थे


