गाजियाबाद
लोनी तहसील परिसर में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित
94 शिकायतें दर्ज, SDM ने दिए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

लोनी (गाजियाबाद)। शनिवार को लोनी तहसील परिसर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी दीपक सिंगल ने जनसुनवाई करते हुए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल निस्तारण की औपचारिकता पूरी न करें, बल्कि शिकायतकर्ताओं से संपर्क कर यह सुनिश्चित करें कि उनकी समस्या का संतुष्टि पूर्वक समाधान हुआ है।
समाधान दिवस में कुल 94 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें सर्वाधिक शिकायतें नगरपालिका परिषद लोनी, राजस्व विभाग, पुलिस विभाग और विधुत विभाग से संबंधित रहीं। नगर पालिका से जुड़ी शिकायतों में सफाई व्यवस्था, खड़ंजा निर्माण जल निकासी और स्ट्रीट लाइटों की खराबी के मुद्दे प्रमुख रहे, जबकि राजस्व विभाग में भूमि विवाद और नामांतरण के मामलों की भरमार रही।
वहीं, पुलिस विभाग से आए फरियादियों ने क्षेत्र में बढ़ते विवादों, अवैध कब्जों और शोर-शराबे की शिकायतें कीं। विधुत विभाग से संबंधित शिकायतें इस बार विशेष रूप से चर्चा में रहीं।
इसी क्रम में फरियादी मुस्तफा खान पुत्र रियाज निवासी लोनी ने उप जिलाधिकारी को बताया कि उनके मकान पर बिजली का कनेक्शन लगा ही नहीं था, फिर भी ₹3373 रुपए का बिल उनके नाम पर भेज दिया गया। इतना ही नहीं, उनकी भाभी के नाम से बिजली मीटर लगाने का आवेदन दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उन्होंने 28 अक्टूबर 2025 को शिकायत की थी, जिसके बाद 29 अक्टूबर 2025 को विधुत कर्मचारियों ने उनके मकान पर मीटर तो लगा दिया, लेकिन मीटर लगाने से पहले आए पुराने बिल की समस्या का समाधान नहीं किया गया। अब मुस्तफा खान विधुत विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही के कारण विभाग से लेकर तहसील तक चक्कर काटने को मजबूर हैं।
उप जिलाधिकारी दीपक सिंगल ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विधुत विभाग के अधिकारियों को तत्काल जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समाधान दिवस के दौरान तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, नगरपालिका अधिकारी, पुलिस अधिकारी, विद्युत विभाग के अभियंता समेत सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


