अमरोहा
आवारा सांडों ने ली एक किसान के बैल की जान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा रहरा गंगेश्वरी ब्लॉक के देहरी गुर्जर गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा उस समय हो गया जब खेत की ओर जा रहे किसान के बैल की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी किसान शमशुद्दीन पुत्र लल्लू सैफी अपनी बैलगाड़ी लेकर खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पंचायत भवन के पास पहुंचे तो वहां मौजूद कई आवारा साड़ो ने अचानक उनके बैल पर हमला कर दिया। देखते ही देखते सभी बैल आपस में बुरी तरह लिपट गए।
पास में ही पानी की टंकी के लिए खोदा गया एक बड़ा गड्ढा था, जिसमें हाल ही में हुई बारिश का पानी भरा हुआ था। लड़ाई के दौरान बैल और गाड़ी समेत वही गड्ढे में जा गिरे। शमशुद्दीन ने किसी तरह कूदकर अपनी जान बचा ली, लेकिन उनका एक बैल गड्ढे में फंस गया। ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बैल और गाड़ी को बाहर निकालने की कोशिश की, परंतु काफी प्रयासों के बावजूद बैल को बचाया नहीं जा सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने बताया कि शमशुद्दीन अपने बैलों के सहारे ही खेती-बाड़ी का काम करते थे। मृत बैल उनके परिवार के लिए बहुत उपयोगी था। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ पंचायत भवन के पास इकट्ठा हो गई और सभी ने घटना पर दुख व्यक्त किया।



