गोड्डा
गोदामों में खाद्यान्न के सुरक्षित रख रखाव एवं वैज्ञानिक ढंग से भंडारण के प्रभावी संचालन हेतु प्रशिक्षण आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। नगर भवन में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा गोदामों में खाद्यान्न के सुरक्षित रखरखाव एवं वैज्ञानिक ढंग से भंडारण के प्रभावी संचालन हेतु एकदिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव, अपर समाहर्ता प्रेमलता मुर्मू, अनुमंडल पदाधिकारी बैद्यनाथ उरांव, जिला आपूर्ति पदाधिकारी अविनाश कुमार पूर्णेन्दु, जिला आपूर्ति पदाधिकारी साहेबगंज झुन्नु कुमार मिश्रा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी पाकुड़ अभिषेक सिंह के द्वारा संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्वलित कर किया गया।प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त अंजली यादव ने कहा कि खाद्यान्न का उचित रख-रखाव एवं वैज्ञानिक भंडारण, खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि भंडारण के दौरान गुणवत्ता नियंत्रण, नमी स्तर, कीट नियंत्रण एवं सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि अनाज के भंडारण के समय प्रायः यह देखा जाता है कि जमीन पर ही अनाज को रख दिया जाता है। ऐसा ना करके जमीन पर बेस बनाकर अनाज को रखा जाए जिससे अनाज में नमी नहीं आएगी और अनाज सुरक्षित रह सकेंगे। उपायुक्त ने कहा कि जिले के वरीय पदाधिकारियों के द्वारा निरीक्षण के दौरान गोदाम के रिकॉर्ड कीपिंग अपडेट नहीं रहने की शिकायतें काफी आती है, उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को गोदाम का निरंतर निरीक्षण कर रिकॉर्ड कीपिंग अपडेट करने तथा सतत् निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में केंद्रीय टीम के द्वारा भी जिले के गोदामों का निरीक्षण किया गया था। उनके द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन भी निश्चित रूप से किए जाएं। प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता प्रेमलता मुर्मू ने कहा कि खाद्यान्न को कैसे सुरक्षित रखना है, अनाज का रखरखाव, भंडारण हम लोग गांव गांव घर के लोगों से भी सीखा जा सकता है। अनाज रखे जाने वाले स्थान की साफ सफाई, अनाज के बोरे में नीम के पत्ते को डालकर रखना ताकि उसमें किट ना लगे, तथा अनाज में नमी न आए इसके लिए अनाज को ऊपर रखा जाए। प्रशिक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी गोड्डा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी साहिबगंज , जिला आपूर्ति पदाधिकारी साहेबगंज के द्वारा गोदाम का प्रबंधन एवं खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण – खाद्यान्न की गुणवत्ता की जांच – खाद्यान्न की लोडिंग, अनलोडिंग एवं वेईंग – अकाउंटिंग, एफसीआई डिपॉट ऑनलाइन सर्विस से संबंधित विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान राजीव साह, सहायक गोदाम प्रबंधक पथरगामा द्वारा मंच संचालन किया गया। मौके पर अन्य प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी एवं सहायक गोदाम प्रबंधकों में अजय कुमार जयसवाल, नंदलाल पंडित, विकास रंजन, आलोक कुमार, कुमुद रंजन, समीर लाहा, गौतम कुमार ठाकुर, गौतम कुमार आदि उपस्थित थे।




