बंदरों के हमले से चार लोग घायल
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमेठी जामों। जिले के जामों कस्बे में बंदरों के आतंक से लोग परेशान हैं बुधवार दोपहर को बंदरों के एक झुंड ने हमला कर एक बच्ची सहित चार लोगों को घायल कर दिया। सभी घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है।
आये दिनों बंदरों का झुंड लगातार लोगों पर हमला कर रहा है। बुधवार दोपहर हुई इस घटना में घायल हुए लोगों में एक बच्ची भी शामिल है। बंदरों के हमले की पूरी घटना पास की एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
स्थानीय दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों का कहना है कि बंदर उनके सामान को भी काफी नुकसान पहुंचा रहे हैं। बंदरों के आतंक से उनका जीना मुहाल हो गया है। स्थानीय व्यापारियों उदयराज शुक्ला, एजाज़, मतीन, असलम और अभिषेक ने अमेठी प्रशासन से इन बंदरों से निजात दिलाने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से इस समस्या का जल्द समाधान करने का आग्रह किया है।

