
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। वार्ड बिलौंजी निवासी राजेश कुमार शाह पिता कैलाश प्रसाद शाह ने थाना वैढ़न में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि बीते 05 नवंबर 2025 को लगभग दोपहर 12:30 बजे के करीब विवेक कुमार शाह पिता रामप्रसाद शाह, निवासी बिलौंजी (मो. 9981657755) ने उसे बिलौंजी बस्ती रोड ट्रांसफार्मर के पास बुलाया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, वहां पहुंचने पर आरोपी ने पहले उससे 700 रुपये की मांग की, जो उसने दे दिए। इसके बाद आरोपी ने उसकी रियलमी मोबाइल दिखाने को कहा और मोबाइल अपने पास रख लिया। फिर दूसरी मोबाइल भी दिखाने को कहा, जिसे पीड़ित ने दे दिया। जब आरोपी ने दोनों मोबाइल के पासवर्ड बताने को कहा तो एक का पासवर्ड बता दिया गया, लेकिन दूसरे का नहीं बताया गया। इसी बात पर विवेक शाह ने राजेश शाह से मारपीट शुरू कर दी और जबरन 8000 रुपये की मांग करने लगा।
राजेश शाह ने बताया कि उसके चेहरे, गले और दाहिने हाथ में चोटें आई हैं। आरोपी ने धमकी दी कि अगर रिपोर्ट करोगे तो गली-रास्ते में पैर तोड़ देंगे। पीड़ित ने बताया कि उसकी एक मोबाइल फाइनेंस में है, जिसे वापस पाने के लिए उसने थाना वैढ़न में रिपोर्ट दर्ज कराई। हालांकि आरोपी को पुलिस द्वारा बुलाया गया, मगर वह नहीं आया और पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है, जिससे पीड़ित को अभी तक उसकी मोबाइल वापस नहीं मिली है।



