गोड्डा
मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। समाहरणालय स्थित सभागार में उपविकास आयुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत प्रखंडों से चयनित लाभुकों को गाय पालन, बकरी पालन, सूकर पालन, मुर्गी पालन (ब्रायलर एवं लेयर), बत्तख पालन तथा जोड़ा बैल वितरण के तहत अनुदानित दर पर पशुधन उपलब्ध कराने की स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक के क्रम में उपविकास आयुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना राज्य सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाना और पशुधन आधारित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना के क्रियान्वयन में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक लाभुकों को समय पर लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि लाभुकों के चयन से लेकर पशुधन वितरण तक की पूरी प्रक्रिया की सतत निगरानी रखी जाए। मौके पर जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार सिंह, जिला गव्य विकास पदाधिकारी अरविंद कुमार, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी एवं पशुपालन विभाग के कर्मी उपस्थित थे।



