गोड्डा
आंगनबाड़ी केंद्र कस्बा की बदहाल व्यवस्था उजागर
- पेयजल, स्वच्छ भोजन और मूलभूत सुविधाओं का गहरा संकट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। महागामा प्रखड अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्र कस्बा इन दिनों अपनी जर्जर व्यवस्था के चलते सुर्खियों में है। ग्रामीणों के छोटे-छोटे बच्चे प्रतिदिन यहां शिक्षा और पोषण की उम्मीदों के साथ पहुंचते हैं, लेकिन केंद्र की वास्तविक स्थिति चिंताजनक है।
स्थानीय लोगों और बच्चों के परिजनों ने बताया कि केंद्र में न तो शुद्ध पेयजल की व्यवस्था है और न ही बच्चों को नियमित रूप से स्वच्छ भोजन मिल पा रहा है। इससे बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है। आंगनबाड़ी सेविका ने भी खुलकर स्वीकार किया कि हमें ऊपर से जो दिया जाता है, वही उपलब्ध कराया जाता है। संसाधन नहीं मिलने के कारण बच्चों को आवश्यक सुविधाएं देना मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस आंगनबाड़ी केंद्र का उद्देश्य बच्चों को पोषण, शिक्षा और सुरक्षा प्रदान करना है। वही, केंद्र बच्चों के भविष्य के साथ समझौता करता दिख रहा है। केंद्र की इन हालातों से अभिभावकों में आक्रोश और दुख दोनों देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
बच्चों के उज्जवल भविष्य के लिए स्थापित यह आंगनबाड़ी केंद्र अब सवालों के घेरे में है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप करने और आंगनबाड़ी केंद्र को सुव्यवस्थित करने की मांग की है, ताकि छोटे-छोटे बच्चे सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण में शिक्षा प्राप्त कर सकें।




