अमरोहा
वन्दे मातरम् के 150 वर्ष हुए पूरे।
"अमरोहा में पुलिस ने सामूहिक गायन कर मनाया जश्न पीएम का संबोधन सुना।"

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा जनपद में शुक्रवार को राष्ट्रीय गीत “वन्दे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पुलिस लाइन में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अमरोहा पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद की उपस्थिति में सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रीय गीत का गायन किया।कार्यक्रम के दौरान अमरोहा पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने पुलिसकर्मियों को वन्दे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व इसकी रचना की पृष्ठभूमि और इससे जुड़ी देशभक्ति की भावना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह गीत देश की एकता अखंडता और स्वाभिमान का प्रतीक है जिसने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण प्रेरणा दी थी।इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से राष्ट्र को संबोधित किया। उनका लाइव संबोधन अमरोहा पुलिस लाइन और जिला के सभी पुलिस कार्यालयों व थाना में देखा व सुना गया। प्रधानमंत्री ने वन्दे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और इसे राष्ट्रीय गौरव का क्षण बताते हुए राष्ट्रहित में निरंतर योगदान देने का आह्वान किया।अमरोहा पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों को राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ समाज सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक,थानाध्यक्षगण सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय के उद्घोष के साथ हुआ जिससे देशभक्ति का वातावरण बन गया। राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् भारत की एकता देशभक्ति और मातृभूमि के प्रति श्रद्धा का अमर प्रतीक है।



