ललितपुर
चार बंदियों को अन्य जनपद की जेल किया स्थानान्तरित
जेल पीसीओ से रोज बात करने की मांग पर भूख-हड़ताल की थी योजना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। जिला जेल से हत्या सहित अन्य मामलों में बंद चार बंदियों को रविवार को अन्य जिले की जेल में स्थानांतरित कर दिया गया है। इन बंदियों ने जेल पीसीओ से रोजाना बात कराने की मांग को लेकर भूख हड़ताल की योजना बनाई थी। शनिवार रात करीब 9.15 बजे जेल में दो बार इमरजेंसी अलार्म बजाया गया। सायरन की आवाज सुनकर सीओ सिटी, शहर कोतवाल, सिविल लाइन, नई बस्ती और अमरपुर मंडी चौकी इंचार्ज सहित कई पुलिसकर्मी जेल पहुंचे। बंदियों की तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। शनिवार को जब बंदियों को खाना बांटा जाने लगा, तो उन्होंने खाना लेने से इनकार कर दिया। काफी देर तक किसी बंदी द्वारा खाना न लेने पर कारण पूछा गया। इस दौरान बंदी बड़े राजा अन्य बंदियों को भड़का रहे थे कि जेल पीसीओ से रोजाना बात कराई जानी चाहिए। जेलर रामनरेश गौतम को इसकी जानकारी मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने बंदियों को बताया कि जेल नियमों के अनुसार सप्ताह में केवल दो बार ही बात कराई जा सकती है। इसके बाद बंदी मान गए और उन्होंने खाना खाया। स्थानांतरित किए गए बंदियों में बड़े राजा भी शामिल हैं, जिन्होंने दो साल पहले अपनी प्रेमिका के पति की हत्या कर शव कमरे में बंद कर दिया था। ललितपुर निवासी शिवम तिवारी, सतेंद्र उर्फ रानी राजा और लूट के मामले में बंद मध्य प्रदेश निवासी रणवीर भगोले को झांसी जेल स्थानांतरित किया गया है। जेलर रामनरेश गौतम ने पुष्टि की कि चार बंदियों को रविवार को झांसी जेल स्थानांतरित किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि शनिवार को बंदियों की तलाशी ली गई थी और कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।



