गोड्डा
खनन विभाग और पुलिस की चुप्पी से बालू माफिया बेखौफ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हनवारा : थाना क्षेत्र के नरोत्तमपुर और खुर्द डुमरिया गांव के पास स्थित गेरूआ नदी से इन दिनों अवैध बालू उठाव का खेल खुलेआम जारी है। जानकारी के अनुसार, रात के अंधेरे में दर्जनों ट्रैक्टर नदी से बालू भरकर हनवारा स्थित झारखंड–बिहार सीमा चेकपोस्ट के बगल से होकर बेरोक-टोक गुजर रहे हैं। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, बालू माफिया रात भर सक्रिय रहते हैं और प्रशासन की आंखों के सामने ही बालू की ढुलाई धड़ल्ले से की जा रही है। हैरानी की बात यह है कि यह वही चेकपोस्ट है जिसे बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर “कड़ी सुरक्षा” वाला स्थाई चेकपोस्ट बताया जा रहा है। बावजूद इसके, लगातार हो रहे अवैध परिवहन ने पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय पुलिस और खनन विभाग दोनों की मिलीभगत के बिना इतनी बड़ी पैमाने पर अवैध बालू उठाव संभव नहीं है। एक ओर खनन विभाग मानव बल की कमी का बहाना बना रहा है, वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि बालू कारोबार से उसका कोई लेना-देना नहीं।
अब बड़ा सवाल यह उठता है कि-
जब चेकपोस्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है,पुलिस बल तैनात है,और सीमा क्षेत्र पर निगरानी का दावा किया जा रहा है, तो फिर रात के अंधेरे में दर्जनों ट्रैक्टर बालू लेकर कैसे गुजर जाते हैं? ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है ताकि अवैध खनन और परिवहन पर रोक लग सके।



