बेतुल
बैतूल पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में बच्चों ने विविध कौशल के साथ मनाया बाल दिवस
स्वादिष्ट व्यंजनों से महका परिसर, बाल मेले में लगे विभिन्न खाद्य स्टॉल

उप संचालक, खनिज विभाग के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ कार्यक्रम
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। बाल दिवस के अवसर पर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बैतूल का परिसर उत्साह, रचनात्मकता और बच्चों की प्रतिभा से सराबोर नजर आया। विद्यालय में सजे बाल मेले में विद्यार्थियों ने स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ विविध हस्तकला और शैक्षिक मॉडल प्रस्तुत कर अपनी क्षमता का सुंदर प्रदर्शन किया। मेले में बच्चों ने नृत्य, संगीत और खेल गतिविधियों से माहौल को जीवंत बना दिया। अभिभावकों, शिक्षकों और अतिथियों ने बच्चों के जोश और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए बाल दिवस को यादगार बनाया।
यह कार्यक्रम मनीष पालेवार, उप संचालक, खनिज विभाग बैतूल के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ, जिन्होंने बच्चों को प्रेरणादायक संदेश देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि बाल मेला बच्चों को आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता और सर्वांगीण विकास की दिशा में प्रेरित करता है।
– बच्चे राष्ट्र की अमूल्य पूंजी
प्राचार्य आरएन पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चे राष्ट्र की अमूल्य पूंजी हैं और ऐसे आयोजनों से उनकी प्रतिभा निखरती है तथा आत्मविश्वास बढ़ता है। मेले में विद्यार्थियों द्वारा पानी पूरी, कस्टर्ड, मोमोज, समोसा, जलेबी, इडली सहित विभिन्न खाद्य स्टॉल लगाए गए। हस्तकला प्रदर्शनी, मनोरंजक खेल गतिविधियाँ और शैक्षिक मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।
– अतिथियों ने बच्चों को किया प्रोत्साहित
बच्चों ने नृत्य, संगीत, नाटक और कविता पाठ के माध्यम से अपनी कला का सुंदर प्रदर्शन किया। अभिभावकों, शिक्षकों और विशिष्ट अतिथियों ने बच्चों के उत्साह और अभिव्यक्ति की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम का संचालन प्राथमिक शिक्षिका श्रीमती रचना सोनी ने किया। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ तथा श्रीमती अर्पिता हजारे ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।




