बरेली
पुल की रेलिंग तोड़कर नदी में 70 फुट नीचे गिरी तेज रफ्तार कार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। शीशगढ़ थाना क्षेत्र के मानपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार कार पुल की रेलिंग तोड़कर बहगुल नदी में जा गिरी। कार करीब 70 फुट नीचे नदी के किनारे पर उल्टी जा गिरी जहां पानी बेहद कम था। गनीमत रही कि कार सवार चार लोगों की जान बच गई। इनमें पांचवें गुड्डू नाम के युवक की हालत गंभीर है। सभी को बरेली के निजी अस्पताल भेजा गया है।
बताते हैं कि शुक्रवार सुबह 10 बजे करीब शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा सराय निवासी पांच लोग कार से बहेड़ी की ओर जा रहे थे। स्विफ्ट डिजायर कार जैसे ही मानपुर गांव के पास बहगुल नदी के पुराने पुल से गुजरी, तेज रफ्तार अनियंत्रित हो गई। जोकि लोहे की रेलिंग तोड़कर कार 70 फुट नीचे जा गिरी। गिरते वक्त कार उल्टी थी जिसे आसपास के किसानों ने जाकर सीधा किया और अंदर फंसे लोगों को निकाला।
कार को आदिल नाम का युवक चला रहा था। बाकी कार सवारों में कासिम (25), फरमान (20), सलमान (21) व गुड्डू (28) शामिल थे। इनमें गुड्डू को सबसे ज्यादा चोट आई है। इनमें एक युवक का पैर दो जगह से टूट गया है। मौके पर पुलिस पहुंच गई। सभी पांचों युवकों को एंबुलेंस से बरेली भेजा गया है। पुलिस घटना का कारण जानने में जुटी है। पुलिस ने इनके परिजनों को सूचना दे दी है।



