गोड्डा
महागामा में मंत्री का औचक निरीक्षण
यू-डीआईएसई प्लस पोर्टल में अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने महागामा स्थित प्रखंड संसाधन केंद्र में अचानक पहुंचकर यू-डीआईएसई प्लस पोर्टल पर बच्चों के नाम दर्ज करने में हो रही अनियमितताओं और एमआईएस को-ऑर्डिनेटर की कथित लापरवाही की जांच के लिए औचक निरीक्षण किया। मंत्री के अचानक निरीक्षण से विभागीय कर्मियों में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पोर्टल पर अपलोड किए जा रहे डाटा की बारीकी से समीक्षा की और पाया कि कई विद्यालयों के बच्चों के नाम व विवरण सही तरीके से दर्ज नहीं किए गए हैं। इस पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से कड़ी नाराज़गी जताई। मंत्री ने साफ कहा कि बच्चों के भविष्य से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दोषी एवं गैर-जिम्मेदार कर्मचारियों पर तत्काल विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने पदाधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि यू-डीआईएसई प्लस पोर्टल से जुड़े सभी कार्य पूर्ण पारदर्शिता, तत्परता और जवाबदेही के साथ किए जाएं। उन्होंने कहा कि डेटा में अनियमितता से बच्चों को योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाई होती है, इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि जानकारी सटीक और समय पर अपलोड हो। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी को फटकार लगाते हुए चेतावनी दी कि भविष्य में कार्य में ढिलाई या अनियमितता मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। मंत्री के हस्तक्षेप से उम्मीद है कि पोर्टल संचालन की प्रणाली और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी होगी।



