गोड्डा
राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन अभियान पर शिक्षकों को मिला प्रशिक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। प्रखंड सभागार में राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत कुष्ठ रोगी खोज अभियान पखवाड़ा को सफल बनाने हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मोहन पासवान ने किया। प्रशिक्षण में प्रखंड के सभी विद्यालयों से एक-एक शिक्षक एवं शिक्षिका ने भाग लिया। जिला से आए प्रशिक्षक संजय कुमार मिश्रा की उपस्थिति में सभी प्रतिभागियों को कुष्ठ रोग की पहचान, लक्षण और संभावित रोगियों को संदर्भित करने संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। डॉ. पासवान ने शिक्षकों से कहा कि समाज से कुष्ठ उन्मूलन को सफल बनाने के लिए नए रोगियों की ईमानदारीपूर्वक खोज अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी आग्रह किया कि यदि किसी छात्र, अभिभावक या ग्रामीण में कुष्ठ के संदिग्ध लक्षण दिखाई दें तो उसे तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पथरगामा भेजकर पुष्टि कराई जाए। मौके पर लेप्रोसी इंचार्ज मो मुजफ्फर, चंद्रशेखर चौधरी, राजीव (पीएमडब्ल्यू) सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित थे।



