
डॉ. प्रभा रानी ने भक्ति में लीन होकर किया भावपूर्ण नृत्य
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा : शुक्रवार को पथरगामा दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा के पांचवें दिन राम जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कथा स्थल पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में डूब गया। जैसे ही पंडित रविशंकर ठाकुर जी महाराज के द्वारा श्रीराम जन्म प्रसंग का वर्णन किया गया, पूरा पंडाल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी प्रभु श्रीराम के भजन पर झूमते नजर आए।
इसी बीच डॉ. प्रभा रानी भक्ति रस में ऐसी लीन हुईं कि उन्होंने मंच के सामने ही भाव-विभोर होकर मनमोहक नृत्य किया। उनके नृत्य ने पूरे माहौल को और अधिक दिव्य व आकर्षक बना दिया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में आसपास के क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिती रही ।राम जन्मोत्सव के कारण पूरा परिसर भजन और राम के जय घोष से ऐसा आलोकित हो उठा मानो स्वयं अयोध्या धरा पर उतर आया हो।
कथा का समापन आरती और महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ ,अगले दिन की कथा के लिए श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
मौके पर राम कथा समिति के अध्यक्ष नीलाभ चतुर्वेदी, सचिव मनोज कुमार भगत, कोषाध्यक्ष मुन्ना टेकरीवाल, सुशील भगत, मिट्ठू टेकरीवाल, शेखर सुमन, संतोष महतो सहित कई पदाधिकारियों और समाजसेवियों ने भी भक्ति गीतों पर झूमकर अपनी आस्था व्यक्त की।




