पाकुड़

पाकुड़ में धूम-धाम से मनाया गया झारखण्ड स्थापना दिवस, सांसद विजय कुमार हसदा हुए शामिल

Jharkhand Foundation Day celebrated with great pomp in Pakur, MP Vijay Kumar Hasda participated

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। झारखण्ड राज्य के गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे राज्य में रजत जयंती उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इसी कड़ी में पाकुड़ जिला प्रशासन द्वारा झारखंड स्थापना दिवस समारोह का आयोजन रवींद्र भवन सभागार, पाकुड़ में किया गया। समारोह का शुभारम्भ राजमहल लोकसभा क्षेत्र से हैट्रिक लगाये युवा सांसद विजय कुमार हसदा, पाकुड़ डीसी मनीष कुमार, एसपी निधि द्विवेदी व डीडीसी महेश कुमार संथालिया अन्य पदाधिकारियों समेत झारखंड आंदोलनकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।  सांसद विजय कुमार हसदा, डीसी मनीष कुमार, एसपी निधि द्विवेदी अन्य के समारोह में पहुंचते ही जिला प्रशासन द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में डीसी मनीष कुमार, एसपी निधि द्विवेदी, डीडीसी महेश कुमार संथालिया सहित कई विभागीय पदाधिकारियों और झारखंड राज्य आंदोलनकारियों को आयोजकों की ओर से सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट प्रतिभागियों एवं विभागीय कर्मियों को भी सम्मान प्रदान किया गया। रजत जयंती के अवसर पर सभागार परिसर में झारखंड की अस्मिता, संस्कृति और यहां के पारंपरिक अवयवों से जुड़े विभिन्न इंस्टॉल (स्टॉल) लगाए गए थे। सांसद विजय कुमार हसदा, डीसी मनीष कुमार और एसपी निधि द्विवेदी ने सभी स्टॉलों का अवलोकन कर प्रदर्शनी की सराहना की। साथ ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू कराया। अतिथियों ने बिहार से अलग होकर स्वतंत्र राज्य बने झारखंड की 25 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा, विकासात्मक उपलब्धियों और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि राज्य को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए जनभागीदारी ही सबसे महत्वपूर्ण कारक है। वही उपायुक्त मनीष कुमार ने समस्त जिलावासियों को झारखंड राज्य स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन झारखंड की संघर्षमयी यात्रा, गौरवपूर्ण इतिहास और उपलब्धियों को याद करने का अवसर है। उन्होंने आगे कहा कि झारखंड की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होना राज्य की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह अवसर हमें विकास को गति देने, जनकल्याण को प्राथमिकता देने और पारदर्शी प्रशासन स्थापित करने के लिए संकल्पित करता है।उपायुक्त ने सभी जिलावासियों से झारखंड को समृद्धि, उन्नति और सामाजिक सद्भाव के मार्ग पर आगे ले जाने में सहभागी बनने की अपील की। वही पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती हमें स्वतंत्रता सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों के प्रति कृतज्ञ होने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि हमारा सामूहिक दायित्व है कि हम उनकी संघर्ष भावना और मूल्यों को आगे बढ़ाते हुए समाज में शांति, सद्भाव और सुरक्षित वातावरण कायम रखें। वही सांसद हसदा ने कहा कि “जब तक किसी भी योजना में शत-प्रतिशत जनभागीदारी नहीं होती, तब तक उसके सफल क्रियान्वयन की उम्मीद नहीं की जा सकती।”

गौरतलब है कि 15 नवंबर 2000 को झारखंड बिहार से अलग होकर एक नए राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था। वर्ष 2025 में राज्य ने अपने 25 वर्ष पूरे किए, जिसे पूरे झारखंड में रजत जयंती उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी  अभिषेक कुमार सिंह, जिला योजना पदाधिकारी  त्रिभुवन कुमार सिंह सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button