जामताड़ा

कर्माटांड़ में 250 कम्बल वितरण, विद्यासागर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें किया नमन

250 blankets distributed in Karmatand, homage paid to Vidyasagar by garlanding his statue.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।

जामताड़ा। कर्माटांड़ प्रखण्ड क्षेत्र अन्तर्गत नंदनकानन परिसर में रविवार को समाजसेवा की उल्लेखनीय पहल के तहत  प्रगति वेलफेयर सोसाइटी आसनसोल और विद्यासागर स्मृति रक्षा समिति के संयुक्त सहयोग से 250 कम्बलों का वितरण किया गया। लगातार बढ़ती ठंड को देखते हुए यह कार्यक्रम जरूरतमंदों के लिए राहत का बड़ा माध्यम साबित हुआ। कार्यक्रम में बंगाल, बिहार और झारखंड के विभिन्न जिलों से आए बंगाली समिति के वरिष्ठ सदस्य एवं प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। कार्यक्रम की शुरुआत समाज सुधारक और शिक्षाविद ईश्वर चंद्र विद्यासागर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें स्मरण करते हुए की गई। वक्ताओं ने विद्यासागर के जीवन, उनके शिक्षण, समाज सुधार एवं मानव सेवा के अप्रतिम योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी प्रेरणा आज भी समाजसेवा के कार्यों को दिशा प्रदान करती है। इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने समाज के कमजोर वर्गों की सहायता के लिए आगे भी ऐसे कार्यक्रम जारी रखने का संकल्प लिया। कंबल वितरण कार्यक्रम में प्रगति वेलफेयर सोसाइटी  के सक्रिय सहयोग से संगठन के लगभग 100 सदस्य शामिल हुए। इनमें प्रमुख रूप से चंदन मुखर्जी, देवाशीष मिश्रा, डीडी भंडारी सहित दर्जनों बंगाली समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी सदस्यों ने जरूरतमंद बुजुर्गों, महिलाओं एवं ग्रामीण गरीब परिवारों तक कम्बल पहुंचाकर उन्हें ठंड से राहत दिलाने का प्रयास किया। बंगाल, बिहार और झारखंड से आए प्रतिनिधियों ने इस संयुक्त पहल को सामाजिक एकता और मानवीय मूल्यों का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना ही असली सेवा है। ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ठंड के मौसम में यह सहयोग बेहद उपयोगी साबित होगा। कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्थानीय स्वयंसेवकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में धन्यवाद ज्ञापन करते हुए आयोजकों ने कहा कि आने वाले समय में और भी कई सामाजिक व विकासात्मक गतिविधियां चलाई जायेंगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button