मथुरा

वृंदावनवास कर रही वृद्धा रहस्यमय तरीके से गायब, हत्या की आशंका

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
वृंदावन। गोशाला नगर में अकेली रह रही वृद्धा रहस्यमय तरीके से गायब हो गईं। महंत शिष्या के न मिलने पर उनके घर पहुंचे। उन्होंने आसपास मालूम किया तो वह हैरान रह गए। शिष्या का मकान शिकोहाबाद निवासी एक साधुवेशधारी ने फर्जी वसीयत और मृत्यु प्रमाणपत्र बनाकर बेच डाला। इस मामले में पहले वृद्धा के भतीजे ने गुमशुदगी दर्ज कराई, उसके बाद परत दर परत मामला खुलने पर महंत ने शिष्या का अपहरण कर हत्या की आशंका जातते हुए एसएसपी से शिकायत की। पुलिस एवं एसओजी टीम इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। गोशाला नगर में चंद्रमुखी देवी(65) उर्फ चित्र दासी पत्नी जयदेव झा वर्ष 1995 से पति के निधन के बाद अकेले वृंदावनवास कर रही थीं। वह नगर परिक्रमा करने हर दूसरे दिन जातीं तो अपने गुरु चैतन्य कुटी के महंत फूलडोल बिहारी दास महाराज से मिलतीं और हर सुखदुख साझा करतीं। वह कहीं जाने से पहले उन्हें बताकर जाती थीं। दिसंबर 2024 में वह रहस्यमय तरीके से गायब हो गईं। जब वह कई दिनों तक नहीं आईं तो उनके गुरु को चिंता हुई। वह वृद्धा चंद्रमुखी की तलाश करने लगे। महंत फूलडोल बिहारी दास महाराज शिष्य लाड़ली दास के साथ शिष्या के घर पहुंचे तो देखा कि खाना बना हुआ रखा है। उनकी चप्पल,चश्मा, माला झोली एवं मालाझोली रखी हुई थी। वृद्धा के ठाकुरजी भी विराजमान थे। जबकि वृद्धा कहीं जाने से पहले ठाकुरजी को पड़ोसी के यहां विराजमान करती थीं। इस पर महंत को संदेह हुआ। उन्होंने जयपुर में रह रहे वृद्धा के भतीजे प्रकाश झा से संपर्क किया। भतीजे ने वृंदावन कोतवाली में 21 दिसंबर 2024 को गुमशुदगी दर्ज कराई। महंत फूलडोल बिहारी दास महाराज के शिष्य महंत लाड़ली दास ने 21 जून 2025 को एसएसपी को तहरीर दी। जिसमें वृद्धा चंद्रमुखी का अपहरण कर हत्या की आशंका जताई और बताया कि शिकोहाबाद निवासी सतेंद्र नामक व्यक्ति ने फर्जी वसीयत बनवा ली और शाहजहांपुर ग्राम सिरखड़ी ग्राम पंचायत से चंद्रमुखी का फर्जी मृत्यु प्रमाणपत्र बनवा लिया। उसके मकान को विजय सिंह नामक व्यक्ति का बेच डाला। इस मामले की जांच सीओ सदर द्वारा की जा रही थी। लेकिन मामले में कुछ भी सामने न आने पर महंत ने एसएसपी से जांच अधिकारी बदलने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। इस पर एसएसपी ने सीओ सिटी आशना चौधरी को जांच दी। सीओ सिटी आशना चौधरी ने बताया कि वृद्धा अपहरण करने और फर्जी दस्तावेज तैयार कर मकान को बेच देने के मामले की जांच की जा रही हैं। इस मामले में मोहिनी नगर निवासी अभिषेक नामक व्यक्ति अभी सामने आया है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जल्द ही दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button