अमरोहा
ढेकला व रहरई के खिलाड़ियों का दबदबा, दौड़ में चमकी रहरई की मधु

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
न्याय पंचायत खरपड़ी में आयोजित वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में इस बार ढेकला और रहरई के छात्रों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सबका ध्यान आकर्षित किया। विशेष रूप से बालिका वर्ग में रहरई की छात्रा मधु ने 200 मीटर दौड़ में शानदार बढ़त बनाते हुए चैम्पियन का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का आयोजन उच्च प्राथमिक विद्यालय खरपड़ी के प्रांगण में किया गया, जिसका शुभारंभ खण्ड शिक्षा अधिकारी गंगेश्वरी अनिल कुमार, प्राथमिक शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रामवीर सिंह एवं जिला व्यायाम शिक्षक अनिल कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और हरी झंडी दिखाकर किया।
कार्यक्रम में सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों का स्वागत खेल प्रभारी प्रमोद कुमार ने माल्यार्पण कर किया। प्रतियोगिता में प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और जूनियर स्तर पर विभिन्न स्पर्धाएँ आयोजित की गईं।
प्राथमिक स्तर पर बालक वर्ग में खुशहालपुर, फत्तेहपुर अधेक और बहादुरपुर मिश्र के खिलाड़ियों ने दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं बालिका वर्ग में भावना, प्रियंका, मंजू, कामिनी और विशेष रूप से 200 मीटर दौड़ में मधु (रहरई) ने प्रथम स्थान प्राप्त कर सबको प्रभावित किया।
उच्च प्राथमिक स्तर में अजय, धर्मेश, अनस, गोविंद और रूपेन्द्र ने अपने दमखम का प्रदर्शन किया। 400 मीटर और लंबी कूद में रहरई व ढेकला के खिलाड़ियों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा।
जूनियर वर्ग में कबड्डी व खो-खो में ढेकला और बहादुरपुर मिश्र की टीमों ने बाजी मारी, जबकि लंबी कूद में रहरई के खिलाड़ियों का जलवा देखने को मिला।
अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को मेडल एवं पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम में अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। खेल प्रभारी प्रमोद कुमार ने सभी के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता का समापन घोषित किया।




