गोड्डा
होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज, परसपानी में रक्तदान शिविर आयोजित
25वें स्थापना दिवस पर 27 यूनिट रक्त संग्रह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। परसपानी स्थित होम्योपैथिक चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल में संस्था के 25वें स्थापना दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कॉलेज के स्टाफ, जूनियर डॉक्टरों, मेडिकल छात्र–छात्राओं और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कुल 27 यूनिट रक्तदान किया गया। विशेष बात यह रही कि अधिकतर रक्तदाता पहले भी कई बार रक्तदान कर चुके थे। शिविर का उद्घाटन ब्लड सेंटर सदर अस्पताल, गोड्डा की प्रभारी डॉ. सिमी मिंज, मिलन कुमार नाग, साहिद सिद्दीकी, जॉन पहाड़िया, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अशोक पासवान एवं डॉ. मनोज कुमार साह द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। उद्घाटन के दौरान अतिथियों ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति हर तीन महीने में रक्तदान कर सकता है। एक बार में लगभग 350 एम एल रक्त लिया जाता है, जो शरीर के कुल रक्त का मात्र 15वां हिस्सा होता है। रक्तदान के बाद शरीर 24 घंटे के भीतर नया रक्त बना लेता है। लैब टेक्नीशियन मिलन कुमार ने बताया कि रक्तदान से शरीर में मौजूद अतिरिक्त आयरन कम होता है, जिससे हृदय रोग, स्ट्रोक, दिल का दौरा और कई गंभीर बीमारियों का खतरा घटता है। इससे वजन नियंत्रित रखने और कोलेस्ट्रॉल का स्तर संतुलित करने में भी मदद मिलती है। सबसे अहम बात यह है कि रक्तदान किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है। शिविर को सफल बनाने में डॉ. हीरा पंडित, डॉ. मिश्रा, डॉ. हेमलता, डॉ. अभिषेक कुमार गोलू, डॉ. आई. डी., सुपरवाइजर आशीष कुमार एवं आशीष रंजन सहित कई सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। रक्तदान करने वालों में जूनियर डॉक्टर देवसागर, अंकित, संदीप, प्रेम, विद्याभूषण, हरिहर, अनंत, नफीस, कविता, राहुल, अभिषेक, अजय, नीतेश गिरी सहित कई युवा शामिल थे।




