ललितपुर
बुढ़वार में पांच करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण
विधायक ने विकास कार्यों को जल्द पूरा करने की बात कही

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने विकास खण्ड जखौरा अंतर्गत ग्राम पंचायत बुढ़वार में ग्रामीण विकास की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत लगभग 5 करोड़ रुपये की बहुप्रतीक्षित विकास परियोजनाओं का विधिवत लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं में ग्राम विकास निधि, केन्द्रीय पंद्रहवां वित्त आयोग, राज्य पंचम वित्त निधि तथा बुंदेलखंड क्षेत्रीय विकास निधि के माध्यम से स्वीकृत अनेक कार्य शामिल हैं, जिनका उद्देश्य ग्राम पंचायत में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना एवं ग्रामीण जीवन को बेहतर बनाना है। इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण, नाली निर्माण, पेयजल आपूर्ति सुधार, सामुदायिक भवनों का विकास, स्ट्रीट लाइटें, स्वच्छता एवं अन्य जनसुविधा से जुड़े कार्य प्रमुख हैं। इन कार्यों के पूर्ण होने से ग्राम पंचायत में विकास की गति तेज होगी और ग्रामीणों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा। विशिष्ट अतिथि देशपत कुशवाहा, श्यामबिहारी कौशिक, सुरेन्द्र रजक, बीडीओ सौरभ बरनवाल, ग्राम पंचायत प्रधान अनुपम चौबे, जितेंद्र रिछारिया, ग्राम पंचायत सचिव ब्रह्मकुमार रिछारिया मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त क्षेत्र के अनेक सम्मानित पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में विधायक ने कहा कि सरकार ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है और आने वाले समय में भी विकास की यह श्रृंखला लगातार जारी रहेगी।



