गाजियाबाद
लोनी में पसमांदा समाज की शांति यात्रा, आतंक रहित भारत का संकल्प
तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सद्भाव और आतंकी गतिविधियों के विरोध का संदेश दिया
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी, गाजियाबाद : हिंदुस्तानी पसमांदा मंच ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं केंद्रीय प्रचारक डॉ. इंद्रेश कुमार के मार्गदर्शन में मंगलवार को “हिन्द जय हिन्द – आतंकवाद, दहशत एवं दंगा-मुक्त भारत” विषय पर तिरंगा पैदल यात्रा निकाली। यह यात्रा दौलत नगर, ट्रॉनिका सिटी से प्रारंभ होकर लोनी पुस्ता चौकी पर राष्ट्रीय गान के साथ संपन्न हुई। पसमांदा मुस्लिम समाज के लोगों ने बडी संख्या में इसमें भाग लिया और आतंकवाद के खिलाफ अपनी एकजुटता का संदेश दिया।
यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठनों व सरगनाओं के प्रतीकात्मक पुतले जलाकर वैश्विक स्तर पर बढ़ती आतंकी गतिविधियों का विरोध जताया। इस दौरान शांति, राष्ट्रएकता और आतंकवाद के उन्मूलन से जुड़े नारे भी लगाए गए।
हिंदुस्तानी पसमांदा मंच के राष्ट्रीय संयोजक मोहम्मद शमशाद मीर ने कहा कि यह यात्रा देश की अखंडता, शांति और सामाजिक समरसता के प्रति पसमांदा समाज की प्रतिबद्धता की अभिव्यक्ति है। उन्होंने हाल में दिल्ली में हुए आतंकी हमले की निंदा करते हुए कहा कि आतंकवाद किसी धर्म या समुदाय का प्रतिनिधि नहीं है तथा भारत ऐसे कृत्यों के खिलाफ हमेशा एकजुट रहेगा। उनका कहना था कि आतंकवाद और दंगे सबसे अधिक कमजोर वर्गों को प्रभावित करते हैं, इसलिए समाज का सतर्क और संगठित रहना आवश्यक है।
मंच के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. जावेद चारण ने यात्रा को शांति और जन-जागरूकता का संदेशवाहक बताया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के नए स्वरूपों, विशेषकर वाइट-कॉलर अपराध के बढ़ते उपयोग के प्रति समाज को सतर्क रहना होगा और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत अधिकारियों तक पहुँचानी चाहिए।
उत्तर प्रदेश के प्रदेश संयोजक नूरहसन भाटी ने कहा कि पसमांदा समाज सदैव राष्ट्रहित और सामाजिक शांति के साथ खड़ा रहा है। उन्होंने आतंकवाद के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।
मदरसा प्रकोष्ठ, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष सादरे आलम नोमानी ने कहा कि इस्लाम शांति और मानवता का पैग़ाम देता है और आतंकवाद उसके मूल सिद्धांतों के विपरीत है। उन्होंने केंद्र सरकार की आतंकवाद-विरोधी नीतियों का समर्थन किया।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दानिश मलिक ने कट्टरपंथ और आतंकवाद के खिलाफ व्यापक सामाजिक एकजुटता की अपील की।
कार्यक्रम में दिल्ली प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. वीरेंद्र कुमार, बिजनौर जिला संयोजक वसीम सिद्दकी, गाजियाबाद जिला संयोजक आसिफ़ भाटी, शहज़ाद मीर सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
अंत में प्रतिभागियों ने नफरत और हिंसा से दूर रहने तथा राष्ट्रहित में आतंकवाद के खिलाफ खड़े रहने का संकल्प लिया।


