गाजियाबाद
लोनी क्षेत्र में प्रदूषण और सर्दी बनी दोहरी मार
दिल–श्वास रोगियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
लोनी गाजियाबाद : क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण और गिरते तापमान ने लोगों की सेहत पर गंभीर प्रभाव डालना शुरू कर दिया है। खासकर बुजुर्गों, दिल के मरीजों, बच्चों और श्वास संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। स्थानीय निजी अस्पतालों में ईसीजी और ईको कराने वाले मरीजों की संख्या में अचानक तेजी आ गई है, जिससे चिकित्सक भी चिंतित हैं।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोनी के चिकित्साधिकारी डा. अजीत चौधरी ने बताया कि तापमान में गिरावट और प्रदूषण में बढ़ोतरी के कारण “सी-सॉ इफेक्ट” पैदा हो रहा है। यह स्थिति खासकर हृदय रोगियों और अधिक उम्र के लोगों के लिए बेहद खतरनाक मानी जा रही है। ठंडी हवा और प्रदूषित वातावरण मिलकर दिल, फेफड़ों और रक्तचाप को प्रभावित कर रहे हैं, जिससे रोगियों की हालत तेजी से बिगड़ सकती है।
प्रदूषण से बढ़ रहे ये रोग
डॉक्टरों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों में लोनी क्षेत्र में निम्न बीमारियों के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है
दिल और हृदय संबंधी रोग (हार्ट डिज़ीज़)
ऊँचा रक्तचाप (हाई ब्लड प्रेशर)
निमोनिया
दमा और सांस फूलना
मधुमेह रोगियों में जटिलताएँ
त्वचा रोग
कैंसर से जुड़ी समस्याएँ
आंखों में जलन और एलर्जी
दोपहर में भी ‘धुंध–धूल’ का कोहरा
वायु प्रदूषण के बढ़ने से दिन में भी धूल के कण हवा में तैरते दिखाई दे रहे हैं, जिससे प्राकृतिक दृश्यता कम हो गई है। सड़क किनारे जमा मिट्टी से उड़ती धूल नाक में जलन, सूजन और एलर्जी पैदा कर रही है। डॉक्टरों के मुताबिक, यह धूल फेफड़ों में पहुंचकर सांस संबंधी दिक्कतों को और गंभीर बना देती है। अत्यधिक प्रदूषण वाले क्षेत्रों में हार्ट पेशेंट्स की स्थिति बिगड़ने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
डॉक्टरों ने दी सलाह—इन दिनों घर में रहना ही बेहतर
चिकित्सकों का कहना है कि अत्यधिक प्रदूषण वाले दिनों में बुजुर्गों, बच्चों और हृदय रोगियों को बाहर निकलने से बचना चाहिए।
मास्क पहनकर ही बाहर जाएं
घर के अंदर हवा को शुद्ध करने वाले पौधे लगाएं – जैसे तुलसी, एलोवेरा, मनी प्लांट
तेज ठंडी हवा से बचें
गर्म पानी पिएं और भाप लें
घर के दरवाजे–खिड़कियां समय–समय पर खोलकर वेंटिलेशन बनाए रखें
हार्ट और दमा के मरीज अपनी दवाएं नियमित लें और लापरवाही न करें
स्थिति चिंताजनक, प्रशासन को उठाने होंगे ठोस कदम
आगाज सेवा ट्रस्ट की अध्यक्ष हेमा सिंह का कहना है कि धूल नियंत्रण, सड़क की नियमित सफाई, कूड़े के निस्तारण और औद्योगिक प्रदूषण पर लगाम लगाने जैसे कदम जिला प्रशासन को तत्काल उठाने चाहिए ।तभी प्रदूषण से होने वाली बीमारियों में कमी लाई जा सकती है और लोगों को राहत मिल सकेगी।
लोनी क्षेत्र में प्रदूषण और सर्दी का यह संयोजन स्वास्थ्य के लिए गंभीर चुनौती बन गया है। डॉक्टरों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में मरीजों की संख्या और बढ़ सकती है।


