ललितपुर
जाखलौन में ट्रैक्टर व महरौनी में डम्फर अवैध परिवहन करते पकड़ा
अवैध खनन का आरोप, पुलिस के सुपुर्द किये वाहन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ललितपुर। ग्रामीणों द्वारा अवैध खनन की शिकायत मिलने पर तहसील ललितपुर थाना जाखलौन अंतर्गत ग्राम वेसरा में खनिज विभाग की टीम द्वारा बीती 13 नवम्बर क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मौके पर ग्राम वेसरा में वाहन ट्रेक्टर महिन्द्रा 275 डी.आई., ट्रैक्टर आइसर 551 एवं ट्रैक्टर पावरट्रेक कुल 03 ट्रैक्टर उप खनिज साधारण मिट्टी का अवैध खनन एवं परिवहन करते हुये पाये गये। जिस पर खनिज अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत कार्यवाही करते हुये उक्त तीनों वाहनो को थाना जाखलौन में पुलिस की अभिरक्षा में दे दिया गया है। ग्रामीणों द्वारा अवगत कराया कि उक्त वाहन ग्राम महेशपुरा निवासी संतोष राजपूत के है। खेत स्वामी पर भी अवैध खनन के आरोप में नियमानुसार कार्यवाही की गयी है। अवैध खनन एवं परिवहन करने वाले लोगों पर लगातार सतत निगरानी एवं कार्यवाही की जा रही है, अगर भविष्य में कोई भी इस प्रकार का कृत्य करेगा तो उसके खिलाफ कठोर कार्यवाही की जायेगी। इधर जिला खान अधिकारी एवं पुलिस विभाग द्वारा मध्य प्रदेश से खनिज लेकर आने वाले वाहनों की चेकिंग की गई, जिस दौरान एक वाहन एम.पी. 36 जेड.एफ. 9977 की जांच की गई। जांच के दौरान डंफर में एम सैंड खनिज का परिवहन पाया गया। जिस पर वैध प्रपत्र न होने के कारण जिला खान अधिकारी ने खनिज अधिनियम की धाराओं में कार्यवाही करते हुए वाहन को महरौनी पुलिस की अभिरक्षा में दे दिया गया है। अवैध खनन एवं परिवहन की रोकथाम हेतु खनिज विभाग द्वारा लगातार कठोर कार्यवाही एवं निगरानी की जा रही है।


