डुमरिया गांव में 50 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, गांव में छाया मातम
A 50-year-old man hanged himself in Dumaria village, leaving the village in mourning.
नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। कर्माटांड़ प्रखण्ड क्षेत्र के डुमरिया गांव में बुधवार दोपहर एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 50 वर्षीय जटिल दास ने अपने ही घर के कमरे में सीलिंग रॉड पर गमछा बांधकर फांसी लगा ली। मृतक जटिल दास, पिता स्व. धोधो दास, साधारण और शांत स्वभाव के व्यक्ति माने जाते थे। बताया जाता है कि उन्होंने दोपहर में कमरे का दरवाज़ा अंदर से बंद कर लिया था। काफी देर तक दरवाज़ा नहीं खुलने पर परिवार वालों को संदेह हुआ और जब उन्होंने दरवाज़ा तोड़ा, तो भीतर का दृश्य देखकर सभी सदमे में आ गए। जटिल दास गमछे के सहारे लटके हुए मिले, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही कर्माटांड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई कमलेश चौधरी दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया। आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पारिवारिक, सामाजिक और अन्य संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक अपने पीछे पांच बेटे-बेटियों का परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार के सभी सदस्य रो-रोकर बेहाल हैं। परिजनों का कहना है कि जटिल दास पिछले दिनों सामान्य व्यवहार कर रहे थे और किसी तरह की परेशानी का संकेत नहीं मिला था, जिससे अचानक उठाए गए इस कदम ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उनका कहना है कि जटिल दास गांव के सरल और मिलनसार व्यक्ति थे। उनकी मौत ने पूरे गांव को हिला कर रख दिया है। उधर, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


