बालाघाट

नक्सलियों से मुठभेड़ में हॉक फोर्स के निरीक्षक आशीष शर्मा शहीद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

          बालाघाट में नक्सलियों से मुठभेड़ में हॉक फोर्स के निरीक्षक आशीष शर्मा शहीद हो गए। उन्हें गोली लगी थी। एंटी नक्सल ऑपरेशन डीजीपी पंकज श्रीवास्तव ने इसकी पुष्टि की है। डीजीपी ने बताया कि बुधवार को मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ ने जॉइंट ऑपरेशन चलाया था।

       तीनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्र के बोर तालाब के पास नक्सलियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी। पुलिस के पहुंचने पर नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। तीनों टीम को लीड कर रहे इंस्पेक्टर आशीष शर्मा को गोली लग गई। उन्हें घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

               नरसिंहपुर एसपी डॉ. ऋषिकेश मीना, एएसपी संदीप भूरिया समेत पुलिस बल आशीष शर्मा के घर के लिए रवाना हो गया है। एएसपी ने बताया कि अभी शहीद के घर में जानकारी नहीं दी है। सिर्फ उनके भाई को बताया है, जो पार्थिव शरीर लेने बालाघाट के लिए रवाना हो गए हैं।

जनवरी में होने वाला था विवाह

बताया जा रहा है कि आशीष शर्मा मूल रूप से नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में बोहानी गांव के रहने वाले थे। उनका चयन 2016 में उप निरीक्षक के पद पर हुआ था। इससे पहले वे इंटेलिजेंस में आरक्षक के पद पर सेवाएं दे रहे थे। नक्सलियों का एनकाउंटर करने पर पुरस्कार स्वरूप मध्य प्रदेश सरकार ने आउट ऑफ टर्न प्रमोशन दिया था। पिछले दो साल में भारत सरकार से उन्हें दो वीरता पदक मिला। पारिवारिक मित्रों ने बताया कि आशीष शर्मा का विवाह तय हो गया था । दो महीने बाद जनवरी में विवाह होना था ।

          मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट कर दी श्रद्धांजलि उन्होंने आशीष शर्मा को X पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा- आज मध्य प्रदेश हॉक फोर्स के निरीक्षक आशीष शर्मा नक्सलियों से मुठभेड़ में वीरगति को प्राप्त हुए। मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की संयुक्त टीम ने छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव के जंगलों में नक्सल विरोधी ऑपरेशन चलाया था। इसमें उन्होंने अभूतपूर्व वीरता और साहस का प्रदर्शन किया। नक्सल उन्मूलन के राष्ट्रीय अभियान में उनका सर्वोच्च बलिदान अविस्मरणीय रहेगा। उन्हें पूर्व में कर्तव्य के दौरान अदम्य साहस, असाधारण बहादुरी प्रदर्शित करने के लिए दो बार वीरता पदक मिल चुका।

अंतिम संस्कार मे  मुख्यमंत्री के आने की सम्भावना

एएसपी संदीप भूरिया ने बताया कि शहीद आशीष शर्मा के शव को गुरुवार सुबह नरसिंहपुर जिले के बोहानी गांव लाया जाएगा।  अंतिम संस्कार में सीएम के आने की संभावना है। इसके चलते बोहानी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के ग्राउंड में हेलीपैड बनाने के लिए कलेक्टर, एसपी समेत प्रशासन के अधिकारियों ने निरीक्षण किया।

 शहीद आशीष के भाई को नौकरी देगी सरकार

सतना के नागौद में सीएम मोहन यादव ने कहा कि नक्सलियों से मुठभेड़ में शहीद हुए आशीष शर्मा के छोटे भाई को नौकरी दी जाएगी। हमारी सरकार परिवार को सरकार के नियमों के अनुसार मदद करेगी। सीएम ने साथ ही कहा कि गरीबों के साथ दुर्दात व्यवहार करने वाले नक्सलियों और आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button