बरेली

वीजा फर्जीवाड़ा में नाइजीरियाई छात्र से आईबी और इंटेलीजेंस की टीम कर रही पूछताछ

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली के रुहेलखंड विश्वविद्यालय में नाइजीरिया के 26 और नेपाल के 22 विद्यार्थी अलग-अलग पाठ्यक्रमों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। विदेशी विद्यार्थियों की ज्यादा संख्या बीएमएस, बीटेक और बीसीए पाठयक्रमों में है। वीजा अवधि विस्तार के लिए जाली प्रपत्रों का इस्तेमाल करने के आरोप में हिरासत में लिए नाइजीरियाई छात्र युसुफ बाला ने जुलाई में ही बीएमएस (बैचलर इन मैनेजमेंट स्टडी) प्रथम वर्ष में प्रवेश लिया था। वीजा अवधि में विस्तार के लिए जाली प्रपत्रों के इस्तेमाल का मामला सामने आने के बाद आईबी और इंटेलीजेंस ने नाइजीरिया और सूडान के दूतावास से संपर्क किया है। इसके अलावा पुलिस की टीम दूसरे छात्र की तलाश में पंजाब जाएगी।
आईबी और इंटेलीजेंस की टीम हिरासत में लिए गए युसुफ बाला से पूछताछ कर रही है। नाइजीरिया और सूडान के दूतावास से संपर्क की भी तैयारी की जा रही है। बुधवार को एक पुलिस टीम फर्जीवाड़ा में यूसुफ का सहयोग करने वाले सूडान निवासी छात्र अयूब की तलाश में पंजाब जाएगी। अयूब लुधियाना की एक निजी यूनिवर्सिटी में शिक्षा ग्रहण कर रहा है।
इंस्पेक्टर बारादरी धनंजय पांडेय ने बताया कि यूनिवर्सिटी में अध्ययनरत अन्य विदेशी छात्रों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। हिरासत में लिए गए छात्र से फिलहाल आईबी और इंटेलीजेंस की टीमें पूछताछ कर रही हैं। यूनिवर्सिटी को भी अन्य विदेशी छात्रों के सत्यापन के संबंध में लिखा जा रहा है।
अब अन्य राज्यों के भी छात्र-छात्राएं स्थानीय स्तर पर अध्ययनरत हैं। जिनके द्वारा जमा किए प्रपत्रों की भी जानकारी उच्च स्तर पर मांगी गई है। रुविवि में जम्मू-कश्मीर के करीब 15 छात्र-छात्राएं इंजीनियरिंग के अलग-अलग विभागों में अध्ययनरत हैं। इसके अलावा निजी विश्वविद्यालयों में भी जम्मू-कश्मीर के छात्र-छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। इनके बारे में भी रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button