गोड्डा
पथरगामा में जन आरोग्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरगामा में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मोहन पासवान की अध्यक्षता में जन आरोग्य समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न पंचायतों के सीएचओ, मुखिया, जनप्रतिनिधि तथा जहाँ सीएचओ नियुक्त नहीं थे, वहाँ की प्रभारी एएनएम ने भाग लिया। बैठक में जन आरोग्य सेवाओं को सुचारू एवं प्रभावी बनाने को लेकर कई अहम बिंदुओं पर चर्चा हुई। एएनएम बंदनवार ने मुखिया के समक्ष बताया कि एसबीआई में नया खाता खुल चुका है। उन्होंने इसके शीघ्र संचालन की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि पंचायत स्तरीय स्वास्थ्य गतिविधियाँ सुचारू रूप से चल सकें। मुखिया गौतम गुप्ता ने कहा कि आयुष्मान आरोग्य मंदिर से जुड़ी जन आरोग्य समिति से संबंधित आवश्यक जानकारी समय पर नहीं मिलने के कारण कार्यों में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात कही गई। बिसाहा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि ने बताया कि बरियाठा केंद्र की एएनएम नियमित रूप से क्षेत्र में उपस्थित नहीं रहती हैं। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए एएनएम को कार्य में सुधार लाने तथा चेकबुक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अनुपालन नहीं करने की स्थिति में उनका मानदेय अवरुद्ध करने की चेतावनी दी गई।
रामपुर आयुष्मान आरोग्य मंदिर की प्रभारी एएनएम बैठक में अनुपस्थित रहीं। लगातार लापरवाही को देखते हुए उनका वेतन अवरुद्ध रखने का निर्णय लिया गया। बैठक में जन आरोग्य समिति की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतरी लाने पर विशेष जोर दिया गया।
मौके पर निरंजन पंजियारा, बबलू किस्कू सहित बड़ी संख्या में एएनएम एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित थे।




