खैरथल
जरूरतमंद परिवार की बेटियों की शादी में लायंस क्लब शक्ति बना सहारा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल : समाज सेवा की दिशा में एक उल्लेखनीय पहल करते हुए लायंस क्लब शक्ति ने शहर की दो निर्धन एवं बेसहारा बच्चियों की शादी में सहयोग कर मानवता की नई मिसाल पेश की है। क्लब की ओर से लगभग 71 हजार रुपये का दहेज व आवश्यक घरेलू सामान उपलब्ध कराया गया, जिससे दोनों परिवारों के चेहरों पर खुशी झलक उठी।
क्लब के पूर्व अध्यक्ष अभिषेक गोयल ने बताया कि सहायता में साड़ियां, आलमारी, डबल बेड, गद्दे, प्रेस, मथानी, मिक्सर-जूसर, आठ-आठ कुर्सियां, टेबल सहित अन्य आवश्यक घरेलू सामग्री प्रदान की गई। इसके साथ ही नकद कन्यादान राशि भी भेंट की गई, ताकि शादी के आयोजन में किसी प्रकार की कमी महसूस न हो।
गोयल ने बताया कि इस पूरे सेवा कार्य में लायंस क्लब के सदस्यों लायन नीरज शर्मा, चुन्नी लाल शर्मा सहित कई सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया। सभी ने सामग्री बच्चों के परिवारों को सौंपकर उनकी खुशियों में सहभागी बनते हुए यह संकल्प लिया कि जरूरतमंद बेटियों की सहायता का यह अभियान आगामी समय में भी निरंतर जारी रहेगा।
लायंस क्लब की इस नेक पहल से शहर में सकारात्मक संदेश गया है। आमजन ने भी क्लब द्वारा सामाजिक सरोकारों के प्रति दिखाई जा रही संवेदनशीलता की प्रशंसा करते हुए इसे प्रेरणादायक कदम बताया है।


