अबुआ आवास के लाभुकों का बकाया किस्त का भुगतान अविलंब हो – माकपा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बोकारो : भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) गोमिया प्रखंड कमेटी का एक प्रतिनिधिमंडल गोमिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी महादेव महतो से मिलकर झारखंड के मुख्यमंत्री के नाम एक मांग पत्र सौंपा।प्रतिनिधिमंडल में शामिल माकपा के राज्य कमेटी सदस्य रामचंद्र ठाकुर, प्रदीप कुमार विश्वास, बोकारो जिला कमेटी के सदस्य सह गामिया प्रखंड सचिव राकेश कुमार एवं जिला कमेटी के विनय महतो ने संयुक्त रूप से कहा राज्य सरकार झारखंड के सभी प्रखंडों में फिर से सरकार आपके द्वार कार्यक्रम चलाने जा रही है। राज्य सरकार का यह स्वागत योग्य कदम है। परंतु पिछले दिनों सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना अबुआ आवास योजना के तहत जिन लाभुकों को आवास मुहैया कराया गया था, आज तक उन लाभुकों का दूसरा, तीसरा एवं चौथा किस्त का भुगतान बकाया है। आवास के किस्तों का पूरा भुगतान नहीं होने की वजह से आज भी लाभुक अपने घर से वंचित हैं। उन्होंने कहा एक तरफ पुराने अबुआ आवास के लाभुकों का बकाया किस्त लंबित है, वहीं दूसरे तरफ नए अबुआ आवास के लाभुकों से सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में आवेदन लेने की योजना सरकार बना रही है जो समझ से परे हैं।
प्रतिनिधिमंडल में उपस्थित नेताओं ने यह मांग किया है कि सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के दौरान ही पुराने अबुआ आवास के लाभुकों का बकाया किस्त का भुगतान किया जाए ताकि वे लोग अपने अबुआ आवास को पूरा कर सकें।




