
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उरई। दयानंद वैदिक कॉलेज में शुक्रवार को यातायात सड़क सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराना और दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु सही यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करना था।
अभियान के दौरान विशेषज्ञों ने छात्रों को सड़क पर चलते समय बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्हें हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने, सड़क संकेतों को समझने तथा पैदल यात्रियों के अधिकारों के बारे में जागरूक किया गया। छात्रों को यह भी बताया गया कि छोटी सी लापरवाही बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए जिम्मेदार नागरिक बनकर यातायात नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में दयानंद वैदिक कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राजेश कुमार पांडे, एआरटीओ राजेश सिंह, सीओ सिटी अर्चना सिंह, यातायात प्रभारी वीर बहादुर सिंह, नमो सर और अलीम सर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। वक्ताओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि जीवन सुरक्षा से जुड़ा अहम मुद्दा है।
अंत में कॉलेज प्रबंधन ने ऐसे अभियानों को समय-समय पर आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया, ताकि युवाओं में यातायात अनुशासन की भावना मजबूत हो सके और सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सके।



