खैरथल
विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत ऑनलाइन गणना प्रपत्र भरने की सुविधा
मुण्डावर विधानसभा के 5 बीएलओ ने किया शत-प्रतिशत डिजिटलाईजेशन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
खैरथल-तिजारा । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राजस्थान में 28 अक्टूबर 2025 से 7 फरवरी 2025 तक चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision–SIR) कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची के अद्यतन कार्य को गति दी जा रही है। इसी क्रम में 4 नवंबर 2025 से 4 दिसंबर 2025 तक प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) द्वारा घर-घर जाकर परिगणना प्रपत्र भरवाए जा रहे हैं।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सृष्टि जैन ने बताया कि भौतिक रूप से प्रपत्र भरवाने के साथ-साथ मतदाता सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in पर Log-in & E-Sign (आधार प्रमाणीकरण आधारित) के माध्यम से आंशिक रूप से Pre-filled परिगणना प्रपत्र स्वयं भरने की ऑनलाइन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इस सुविधा से मतदाता आसानी से अपना गणना प्रपत्र स्वयं ऑनलाइन भर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि मुण्डावर विधानसभा क्षेत्र के पाँच बूथ लेवल अधिकारियों ने गणना प्रपत्रों के शत-प्रतिशत डिजिटलाईजेशन का कार्य समय पर पूरा कर अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। इनमें मतदान केन्द्र संख्या 29 के बीएलओ देशराज यादव, मतदान केन्द्र 57 के श्याम सिंह चौहान, मतदान केन्द्र 128 के पूरण सिंह यादव, मतदान केन्द्र 178 के अनूप कुमार यादव तथा मतदान केन्द्र 181 के रामकिशन शामिल हैं।
इन सभी बीएलओ को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सृष्टि जैन द्वारा बधाई दी गई तथा आगामी समय में जिला स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को सम्मानित भी किया जाएगा।


