प्रिंसिपल ने अभिभावक से की अभद्रता, हत्या करने की धमकी का वीडियो वायरल …
जिला विद्यालय निरीक्षक ने नोटिस जारी किया...

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड (यूपी) – पिलखुवा स्थित वीआईपी इंटर कॉलेज की प्रिंसिपल बीना शर्मा का अभिभावक से अभद्रता करने का एक वीडियो सामने आया है । प्रिंसिपल द्वारा अभद्रता करने का यह वीडियो अब सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है।
दरअसल , हापुड के पिलखुआ कोतवाली क्षेत्र स्थित निजी स्कूल वीआईपी इंटर कॉलेज की प्रिंसिपल बीना शर्मा पर नौवीं कक्षा की एक छात्रा के साथ मारपीट करने और शिकायत लेकर पहुंचे उसके अभिभावक से अभद्र व्यवहार करने का गंभीर मामला सामने आया है । प्रिंसिपल द्वारा कथित तौर पर बच्ची के पिता / अभिभावक को धमकाते और अभद्रता करते हुए बनाया गया एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है । कक्षा 9 की पीड़ित छात्रा के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी के साथ प्रिंसिपल बीना शर्मा ने किसी बात पर मारपीट कर दी । जब अभिभावक इस मामले की जानकारी करने स्कूल पहुंचे तो प्रिंसिपल बीना शर्मा ने उनसे बात करने के स्थान पर , उनके साथ अभद्र व्यवहार कर दिया । अभिभावक ने प्रिंसिपल द्वारा धमकी दिए जाने का एक वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जिसे उन्होंने बाद में सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया । वायरल वीडियो में प्रिंसिपल बीना शर्मा परिजनों को छात्र की हत्या करने की धमकी देते हुए भी दिखाई दे रही हैं । इस घटना को लेकर वीआईपी इंटर कॉलेज के शैक्षिक माहौल और प्रिंसिपल बीना शर्मा की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं ।
पीड़ित छात्रा के परिजनो का यह आरोप है कि घटना की शिकायत करने और मामला सार्वजनिक होने के बाद प्रिंसिपल बीना शर्मा ने बदले की भावना से उनकी बेटी का नाम स्कूल के बीच सत्र से काट दिया है। और स्कूल में आने से रोक लगा दी है । अभिभावक ने इस मामले में उच्च शिक्षा अधिकारियों और जिला प्रशासन से शिकायत करने की बात कही है। पहले भी इस स्कूल की प्रिंसिपल बीना शर्मा के व्यवहार की बहुत शिकायत हुई हैं लेकिन प्रशासन ने आज तक कोई कार्यवाही नहीं की है ।
हापुड की जिला विद्यालय निरीक्षक श्वेता पूठिया ने बताया कि , मामला संज्ञान में आया है । प्रिंसिपल बीना शर्मा को कारण बताओ नोटिस दिया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कार्यवाही की जाएगी ।


