खैरथल
ग्रेप नियमों का सख्ती से पालन कराया जाये, लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी :आर्तिका शुक्ला

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
भिवाड़ी/खैरथल-तिजारा। एनसीआर क्षेत्र में ग्रेप पाबंदियों के अनुपालन और वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ग्रेप नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार भिवाड़ी में वायु गुणवत्ता सुधार के लिए वर्तमान ग्रेप अवधि के दौरान प्रशासन ने कठोर और प्रभावी कदम उठाए हैं। शहर की कुल 305.93 किलोमीटर सड़क लंबाई में से प्रतिदिन औसतन 28 किलोमीटर सड़क की मशीनों द्वारा सफाई की जा रही है। इसके लिए 5 मैकेनिकल स्वीपर लगाए गए साथ ही डस्ट कंट्रोल हेतु 2 एंटी स्मोक गन और 20 वाटर स्प्रिंकलर तैनात किए गए हैं। गौरव पथ, रिलैक्सो चौक से चैंपियन चौक, अजंता चौक से कैपिटल मॉल, चैंपियन चौक से हरचंदपुर, अलवर बायपास रोड, मानसा चौक से बीड़ा कार्यालय, भिवाड़ी मोड़ से यूआईटी तथा नीलम चौक जैसे प्रमुख मार्गों पर नियमित सफाई व धूल नियंत्रण कार्य किया जा रहा है।
11 अक्टूबर 2025 को ग्रेप-I लागू होने से लेकर 23 नवंबर 2025 तक कुल 1194 निर्माण एवं विध्वंस (C&D) साइटों का निरीक्षण किया गया। इनमें 609 बड़ी साइटें और 585 छोटी साइटें शामिल रहीं। इनमें से 34 साइटों पर नियमों का उल्लंघन पाया गया, जिन पर रीको- यूनिट 1 द्वारा 25 मामलों में कुल ₹1,47,500 तथा रीको- यूनिट 2 द्वारा 4 मामलों में ₹23,600 के चालान जारी किए गए। खुले में कचरा जलाने और अवैध डंपिंग के 34 मामले सामने आए, जिनमें नगर परिषद ने 25 मामलों में लगभग ₹30,000 के चालान किए।
वाहन प्रदूषण पर भी सख्ती बरती गई। परिवहन एवं ट्रैफिक विभाग ने 65 वाहनों के चालान मान्य पीयूसी न होने पर किए। इसके अलावा, C&D वेस्ट बिना ढंके ढोने पर 10 वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। औद्योगिक क्षेत्र में राजस्थान राज्य पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने 138 उद्योगों का निरीक्षण किया, जिनमें 8 इकाइयाँ नियम उल्लंघन में पाई गईं। इनमें 3 इकाइयों की ‘कंसेंट टू ऑपरेट’ रद्द की गई, 3 को नोटिस जारी हुआ और 2 के विरुद्ध बंद करने के आदेश जारी किए गए। 10 स्टोन क्रशर्स का निरीक्षण किया गया, जिनमें कोई भी संचालित नहीं मिला।
24 नवंबर 2025 को भी जिला कलेक्टर डाॅ आर्तिका शुक्ला के निर्देशन में व्यापक कार्रवाई की गई। राजस्थान राज्य पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने 4 निर्माण गतिविधियों को बंद करने के निर्देश दिए तथा 1 मामले को कार्यवाही हेतु मुख्यालय जयपुर भेजा। रीको- यूनिट 1 ने 6 चालान के माध्यम से राशि 35,400 , जबकि रीको- यूनिट 2 ने 8 चालानों के माध्यम से राशि 47,200 की कार्रवाई की। नगर परिषद ने C&D वेस्ट ले जाने वाले 3 वाहनों को जब्त किया और अवैध डंपिंग पर आज ही ₹50,000 से अधिक का चालान किया। इसी क्रम में भिवाड़ी क्षेत्र में ओपन बर्निंग पर सघन मॉनिटरिंग की जा रही है तथा नियम उल्लंघन पर चालान कार्रवाई भी तेज कर दी गई है।
मुख्यालय स्तर से दैनिक रिपोर्ट के माध्यम से पूरे अभियान की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि किसी भी स्तर पर ढिलाई न रहे। सभी विभागों को ग्रेप पालन के कठोर निर्देश दिए गए हैं।


