नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। क्षेत्र के एक ग्राम में घर के अंदर घुसकर कुछ युवकों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चौसाना क्षेत्र के भडी भरतपुरी में 16 नवंबर 2025 की रात उजैफ पुत्र अहसान घर पर मौजूद था। इसी दौरान मोहल्ले के ही कुछ युवक अचानक घर में घुस आए और मारपीट करने लगे। आरोप है कि युनुस पुत्र युसुफ, रहीस पुत्र इस्तकार, साकिब पुत्र फरमान, आसु पुत्र युनुस और अन्य साथियों ने मिलकर उजैफ को बेरहमी से पीटा। इस दौरान साकिब पुत्र फरमान ने उसके गले पर पैर रखते हुए कहा कि आज इसे जान से मार देंगे। शोर सुनकर जब तबस्सुम पत्नी साजिद बचाव को आगे आईं तो आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए।
पीड़ित पक्ष ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया। परिजनों का कहना है कि गंभीर चोटों के चलते इलाज में व्यस्त होने की वजह से तहरीर देने में देरी हुई। 16 नवंबर को पुलिस द्वारा मेडिकल भी कराया जा चुका है।
चौकी प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।


