अमेठी

यूपी रोडवेज बसों की लाइव लोकेशन सुविधा शुरू

एप पर यात्री कर सकेंगे टिकट बुक

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

अमेठी। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने यात्रियों की सुविधा बढ़ाते हुए एक महत्वपूर्ण पहल की है। अब यात्री अपने स्मार्टफोन पर ‘यूपी राही’ एप के जरिए रोडवेज बसों की लाइव लोकेशन देख सकेंगे और ऑनलाइन टिकट भी बुक कर पाएंगे। अमेठी डिपो की अधिकांश बसों को इस आधुनिक प्रणाली से जोड़ दिया गया है।
निगम की सभी बसों में जीपीएस (ग्लोबल पोजिशनिंग सिस्टम) लगा दिया गया है। बाकी वाहनों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से जोड़ने का काम तेजी से चल रहा है। यात्री ‘यूपी राही’, ‘मार्गदर्शी’ या ‘UPSRTC’ मोबाइल ऐप डाउनलोड कर बसों की वास्तविक स्थिति, रूट, सीट उपलब्धता और अनुमानित आगमन समय की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।
एप पर बस नंबर डालते ही यात्री को बस की लाइव लोकेशन, अगला स्टॉपेज और गंतव्य तक पहुंचने का अनुमानित समय तुरंत दिखाई देगा। इससे अब बस स्टैंड पर लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि यात्री पहले से ही बस की स्थिति और सीट बुकिंग की सुविधा का लाभ ले सकेंगे।
अमेठी डिपो के एआरएम काशी प्रसाद ने बताया कि बसों में जीपीएस इंस्टॉलेशन पूरा हो चुका है और सभी वाहनों को एप से जोड़ने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने कहा कि लाइव ट्रैकिंग सुविधा शुरू होने से यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिलेगा। इस तकनीक के तहत रूटवार बसों की सूची, वर्तमान लोकेशन, सीट उपलब्धता और पीछे आ रही बसों की जानकारी भी अब यात्रियों को उपलब्ध हो सकेगी।
यह पहल रोडवेज सेवाओं को और अधिक पारदर्शी तथा सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button