बागपत

अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर बीकेयू भानू कार्यकर्ताओं ने दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

 बागपत :  हिंदी फिल्मों के महान अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की खबर से पूरे देश में शोक की लहर है। इसी क्रम में मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन (भानू) के कार्यकर्ताओं ने दिल्ली बस स्टैंड के पास एकत्र होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। किसानों ने मोमबत्तियाँ जलाकर, पुष्प अर्पित कर और दो मिनट का मौन रखकर इस महान कलाकार को याद किया।

इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम का नेतृत्व राजीव चौधरी (जिला अध्यक्ष, बागपत) ने किया। उनके साथ संगठन के प्रमुख पदाधिकारी —
विक्रांत चौधरी (जिला संगठन मंत्री), रकम सिंह सोलंकी, देवेन्द्र तोमर, अंकुर तोमर, कर्मवीर सिंह, शेखर तोमर, विकी तोमर
उपस्थित रहे।

बीकेयू भानू के जिला अध्यक्ष राजीव चौधरी ने कहा कि “धर्मेंद्र सिर्फ एक अभिनेता नहीं थे, बल्कि भारतीय सिनेमा की उस पवित्र विरासत का हिस्सा थे, जिसने गाँव–देहात के हर आम इंसान से रिश्ता जोड़ा। उनकी भूमिकाओं में सादगी, ईमानदारी और भारतीयता की झलक साफ दिखती थी।”

वहीं जिला संगठन मंत्री विक्रांत चौधरी ने कहा कि “धर्मेंद्र जी का जाना फिल्म जगत ही नहीं, बल्कि हर किसान परिवार के लिए क्षति है। वे किसानों और ग्रामीण भारत की आत्मा को अपनी अदाकारी में जीवित रखते थे।”

कार्यकर्ताओं ने कहा कि धर्मेंद्र ने अपनी फिल्मों के माध्यम से मेहनतकश लोगों की भावनाओं को जिस तरह परदे पर उतारा, वह हमेशा याद किया जाएगा। श्रद्धांजलि के दौरान सभी ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि धर्मेंद्र की सरलता, सच्चाई और सामाजिक मूल्यों को प्रेरणा के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button